रांची की महिला पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार पर फूटा गुस्सा, अल्बर्ट एक्का चौक पर पत्रकारों का प्रदर्शन
रांची के एल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन करते पत्रकार. फोटो: प्रभात खबर
रांची में एक महिला पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार और मेमोरी कार्ड छीनने की घटना के विरोध में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया. उन्होंने प्रेस की स्वतंत्रता और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा पर चिंता जताई.
आपके शहर में
Ranchi Journalist Protest: झारखंड की राजधानी रांची में महिला पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार और कैमरे से मेमोरी कार्ड छीने जाने के आरोप को लेकर शनिवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर पत्रकारों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया. भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में पत्रकार एकत्र हुए और डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित महिला पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग उठायी. प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को केवल एक महिला पत्रकार के साथ कथित अभद्रता का मामला नहीं, बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया. उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार अपने पेशेवर दायित्व निभाते समय सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ेगा.
इंटरव्यू के बाद बदसलूकी का आरोप
पत्रकारों का आरोप है कि महिला पत्रकार डुमरी विधायक जयराम महतो का इंटरव्यू लेने पहुंची थीं. इंटरव्यू समाप्त होने के बाद विधायक के समर्थकों ने कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी की और कैमरे से जबरन मेमोरी कार्ड निकाल लिया. प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने कहा कि कैमरे से मेमोरी कार्ड छीनना पत्रकारिता के काम में हस्तक्षेप है और यह मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला माना जाना चाहिए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.
सार्वजनिक माफी और मेमोरी कार्ड लौटाने की मांग
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने कई मांगें सामने रखीं. उन्होंने विधायक जयराम महतो से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और कथित रूप से छीना गया मेमोरी कार्ड तत्काल वापस करने की मांग की. पत्रकारों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में पत्रकारों के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है. इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है.
विधानसभा अध्यक्ष से मिलने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो से मुलाकात कर मामले में कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है. पत्रकारों ने राज्य सरकार से मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की भी मांग की.
इसे भी पढ़ें: परिसीमन से क्या आदिवासी सीटों का होगा नुकसान? निशा उरांव ने आदिवासी महाजुटान पर उठाए सवाल
पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को खबरों के संकलन के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में यदि उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार या उपकरणों से छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं, तो इससे स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होती है. प्रदर्शन के अंत में पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि पीड़ित महिला पत्रकार को न्याय मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी संघर्ष किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: गढ़वा में हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का खुलासा: झामुमो जिलाध्यक्ष की बेटी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए