हर रोज एक बाइक चोरी करता था मास्टरमाइंड, 8 गिरफ्तार; रांची में ऐसे चलता था चोरी का खेल
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गये बाइक चोर और बरामद की गई बाइक
रांची पुलिस ने एक बड़े बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इन चोरों के पास से 10 चोरी की बाइकें भी बरामद की गई हैं. गिरोह का मास्टरमाइंड रोजाना एक बाइक चुराता था.
रांची. रांची पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं. गिरोह के सदस्य शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में बेचते थे. सामान्य बाइक को 08 से 15 हजार रुपये और स्पोर्ट्स बाइक को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आयी है.
आपके शहर में
गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का मास्टरमाइंड भरत बैठा, सुनील करमाली, रोहित उरांव, रोहित कुमार मुंडा, प्रदीप उरांव, संजय गंझू, सरजू मुंडा और सुमित उरांव शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, भरत बैठा पहले भी चोरी के 11 मामलों में जेल जा चुका है.
चेकिंग के दौरान पकड़े गये तीन युवक
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि धुर्वा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ गयी थीं. इसके बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ा गया. जांच करने पर बाइक चोरी की निकली. पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड भरत बैठा प्रतिदिन कम से कम एक बाइक चोरी करता था. पुलिस अब बरामद बाइकों के संबंध में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है.
ये भी पढ़ें: BIT मेसरा में झारखंड के विद्यार्थियों के लिए 50% सीट आरक्षण खत्म, नामांकन में बड़ा असर
भरत पर दर्ज हैं 11 मामले
गिरोह के मास्टरमाइंड भरत बैठा (26), पिता भोला बैठा, निवासी तुतलो, नरकोपी, रांची के खिलाफ रांची और आसपास के विभिन्न थानों में चोरी समेत 11 मामले दर्ज हैं. इनमें कोतवाली, चुटिया, धुर्वा, बालूमाथ, कुरू, नामकुम और जगन्नाथपुर थाना के मामले शामिल हैं. उसके खिलाफ चोरी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हैं.
सुनील करमाली (25), पिता महाबीर करमाली, निवासी लुकैया, पिपरवार, चतरा के खिलाफ खलारी थाना में चोरी का मामला दर्ज है.
ये भी पढ़ें: रांची सदर अस्पताल में अब अटेंडेंट कार्ड से मिलेगा प्रवेश, मरीजों से मिलने का समय भी होगा निर्धारित
वहीं, रोहित उरांव (22), पिता बिग्लु उरांव, निवासी भग्या, बालूमाथ, लातेहार के खिलाफ बालूमाथ, धुर्वा और नामकुम थाना में चोरी और चोरी का माल रखने के मामले दर्ज हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए