जेएसएससी-सीजीएल विवाद पर बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला, अनुराग गुप्ता की भूमिका पर उठाये सवाल
जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले में बाबूलाल मरांडी ने पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता की भूमिका पर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वरीय संवाददाता, रांची : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा विवाद को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के बहाने सरकार को घेरते हुए मामले की जांच को प्रभावित करने के आरोपों पर सवाल उठाये हैं.
श्री मरांडी ने कहा कि पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता पर जेएसएससी-सीजीएल मामले की जांच को गलत दिशा में ले जाने और डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट कराने के गंभीर आरोप हैं. इसके बावजूद उन पर कार्रवाई करने में हिचकिचाहट कई संदेह पैदा करती है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि अनुराग गुप्ता छात्रों द्वारा लगाये गये पेपर लीक के आरोपों को गलत साबित करने पर तुले हुए थे और मीडिया के सामने आकर इसे खारिज कर रहे थे.
सीआइडी जांच की निष्पक्षता पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस अधिकारी की भूमिका खुद सवालों के घेरे में हो, उसके पद पर रहते या उसके खिलाफ कार्रवाई किये बिना सीआइडी की जांच की निष्पक्षता पर भरोसा कैसे किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों छात्र और बेरोजगार युवा सरकार से इसका जवाब मांग रहे हैं.
श्री मरांडी ने कहा कि अगर सरकार को युवाओं के भविष्य की चिंता है, तो अनुराग गुप्ता की भूमिका की निष्पक्ष जांच करायी जानी चाहिए. दोष साबित होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि जब तक वर्दी की आड़ में जांच से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ रुकना संभव नहीं है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए