डालटेनगंज से गुजर रहा मानसून ट्रफ, रांची-जमशेदपुर से इतना दूर डीप डिप्रेशन, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

Jharkhand Weather Forecast: मानसून ट्रफ डालटेनगंज से गुजर रहा है. डीप डिप्रेशन के मंगलवार को डिप्रेशन में तब्दील हो जाने की उम्मीद है. कैसा रहेगा आज का मौसम, यहां पढ़ें.
Jharkhand Weather Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि मानसून ट्रफ इस वक्त झारखंड के डालटेनगंज से गुजर रहा है. डीप डिप्रेशन राजधानी रांची से 110 किलोमीटर पूर्व में और जमशेदपुर से 50 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में स्थित था. डीप डिप्रेशन 12 किलोमीटर की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ा. मंगलवार को यह कमजोर होकर डिप्रेशन में तब्दील हो जाएगा.
आज दोपहर बाद बारिश से झारखंड को मिल सकती है राहत
रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने प्रभात खबर (prabhatkhabar.com) को बताया कि गंगेय पश्चिम बंगाल और निकटवर्ती झारखंड में डीप डिप्रेशन के असर से सोमवार को दिन भर बारिश होती रही. मंगलवार को भी दोपहर तक बारिश होने के आसार हैं. इसके बाद यह झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ जाएगा. पलामू संभाग में मंगलवार को अच्छी-खासी वर्षा होने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम केंद्र के प्रमुख ने यह भी कहा कि 17 सितंबर के लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. झारखंड के उत्तरी-पश्चिमी हिस्से में यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. इन जिलों के लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड के उत्तरी-पश्चिमी हिस्से में भारी वर्षा का अनुमान
उन्होंने कहा कि उत्तरी-पश्चिमी हिस्से यानी उपरोक्त जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की भी संभावना है. मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि राज्य के पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ तेज हवाओं का झोंका चलेगा. कुछ जगहों पर वज्रपात भी हो सकता है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर और कहीं-कहीं 60 किलोमीटर भी रह सकती है.

3 दिन बाद 3-4 डिग्री बढ़ेगा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 दिन तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आने वाला है. इसके बाद अगले 3 दिन में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेंटीग्रेड तक बढ़ सकता है. झारखंड में सोमवार (16 सितंबर) को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेंटीग्रेड साहिबगंज में रिकॉर्ड किया गया. सबसे अधिक वर्षा गिरिडीह जिले में हुई. यहां शाम 5:30 बजे तक 70.5 मिलीमीटर वर्षा हुई.
17 सितंबर को रांची में होगी हल्के दर्जे की वर्षा
राजधानी रांची के मौसम की बात करें, तो 17 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे. हल्के दर्जे की वर्षा होने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड रह सकता है. पिछले 24 घंटे के दौरान रांची के अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान भी 2 डिग्री सेंटीग्रेड तक घट गया.
डालटेनगंज के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट
डालटेनगंज के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 4 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट दर्ज की गई. यहां का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेंटीग्रेड घटकर 23.4 डिग्री सेंटीग्रेड हो गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेंटीग्रेड रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है. जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट के बाद यह 26.1 डिग्री सेंटीग्रेड रहा, जो सामान्य से 6.2 डिग्री कम है.
रांची में हुई 32.8 मिलीमीटर वर्षा
राजधानी रांची में शाम 5:30 बजे तक 32.8 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि जमशेदपुर में 30.2 मिलीमीटर, जमशेदपुर में 7.4 मिलीमीटर, बोकारो में 16.8 मिलीमीटर और चाईबासा में 29 मिलीमीटर वर्षा हुई. इस सीजन अब तक 867 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य वर्षापात 927.9 मिलीमीटर से सिर्फ 6 फीसदी कम है. इसे सामान्य बारिश कहा जाएगा.
Also Read
101.6 मिमी बारिश से बेहाल धनबाद, गोधर में गैस रिसाव, आज सभी पब्लिक स्कूल बंद
VIDEO: जमशेदपुर पर मंडराया बाढ़ का खतरा, चांडिल डैम के 9 गेट खोले गए, दर्जनों गांव जलमग्न
Landslide in Dumka: झारखंड में भारी बारिश से मसानजोर पहाड़ पर भू-स्खलन, 2 दुकानें जमींदोज
VIDEO: डीप डिप्रेशन से पूरे झारखंड में तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश, जानें कब सामान्य होगा मौसम
Jharkhand Trending Video
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










