ePaper

Jharkhand News : बारिश से निखरा जोन्हा, हुंडरू एवं सीता फॉल का सौंदर्य, देखते रह जाएंगे, बरतें ये सावधानी

Updated at : 23 Aug 2022 4:00 PM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand News : बारिश से निखरा जोन्हा, हुंडरू एवं सीता फॉल का सौंदर्य, देखते रह जाएंगे, बरतें ये सावधानी

Jharkhand Tourist Places: रांची के अनगड़ा प्रखंड को प्रकृति ने खूबसूरत वादियों से नवाजा है. इन्हीं सुंदर वादियों को अपनी गोद में समेटे हैं जोन्हा फॅाल, हुंडरू फॉल, सीता फॉल व गेतलसूद डैम. ये अनगड़ा की ही नहीं, बल्कि रांची जिले की भी पहचान हैं. झारखंड में लगातार बारिश से इनकी खूबसूरती और बढ़ गयी है.

विज्ञापन

Jharkhand Tourist Places: रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड को प्रकृति ने खूबसूरत वादियों से नवाजा है. इन्हीं सुंदर वादियों को अपनी गोद में समेटे हैं जोन्हा फॅाल, हुंडरू फॉल, सीता फॉल व गेतलसूद डैम. ये अनगड़ा की ही नहीं, बल्कि रांची जिले की भी पहचान हैं ये जलप्रपात. झारखंड में लगातार बारिश से इनकी खूबसूरती और बढ़ गयी है. जलप्रपात में पानी के तेज बहाव से वाटरफॉल का सौंदर्य मन मोह रहा है.

जोन्हा में 140 फीट की ऊंचाई से गिरता है पानी

रांची का जोन्हा फॉल प्रकृति की गोद में बसा है. इस फॉल की सुंदरता का लुत्फ उठाने के लिए रांची सहित पूरे झारखंड, बिहार, बंगाल से लोग पहुंचते हैं. खासकर छात्र-छात्राओं का समूह यहां पहुंचता है और प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद लेता है. राजधानी रांची से जोन्हा फॉल की दूरी करीब 37 किमी है. यहां रांची-मुरी मार्ग होते हुए पहुंचा जा सकता है. सड़क मार्ग के अलावा रेलमार्ग से भी पर्यटक यहां पहुंचते हैं. 140 फीट की ऊंचाई से अठखेलियां करते हुए गिरते पानी की फुहार से तरबतर सैलानी रोमांचित हो जाते हैं. 450 सीढ़ियों से नीचे उतरकर पर्यटक झरने तक पहुंचते हैं. जोन्हा फॅाल में भगवान गौतम बुद्ध का एक प्राचीन मंदिर है. मान्यता है कि भगवान गौतम बुद्ध ने यहां के शांत वातावरण में कुछ समय व्यतीत किए थे. इसलिए इस फॉल को गौतमधारा के नाम से भी जाना जाता है. बिड़ला परिवार द्वारा यहां भगवान बुद्ध के मंदिर की स्थापना की गयी है.

undefined
Also Read: झारखंड में भारी बारिश के बाद जलप्रपातों की बढ़ी खूबसूरती, देखिए मन मोहती तस्वीरें

हुंडरू में 320 फीट की ऊंचाई से गिरता है पानी

हुंडरू फॉल पहाड़ों एवं घने जंगलों के बीच स्वर्णरेखा नदी पर अवस्थित है. यह फॉल बेहद सुंदर व मनमोहक है. यहां रांची-मुरी मार्ग पर अनगड़ा चौक से गेतलसूद होते हुए पहुंचा जा सकता है. एक अन्य मार्ग रांची-हजारीबाग मार्ग पर ओरमांझी चौक से सिकिदीरी होते हुए भी यहां तक पहुंचा जा सकता है. शहर से फॉल की दूरी 44 किमी है. हुंडरू फॉल में झरना का पानी 320 फीट की ऊंचाई से गिरता है, जो पर्यटकों में कौतूहल व रोमांच पैदा करता है. पर्यटक घंटों मंत्रमुग्ध होकर फॉल की सुंदरता निहारते रहते हैं. यहां परिवार के साथ झारखंड व बंगाल से सैलानी पहुंच कर सुंदरता का लुत्फ उठाते हैं. पर्यटकों की सुविधा के लिए सरकार के द्वारा यहां टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स व शेड निर्माण सहित सुंदरीकरण के कई कार्य किये गये हैं. लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पर्यटन मित्रों की बहाली कर दी गयी है. पर्यटन मित्र व स्थानीय ग्रामीण पर्यटकों की सेवा में सदैव तत्पर रहते हैं. प्रशासन की तरफ से भी यहां सुरक्षा व्यवस्था की जाती है. यहां तक पक्की सड़क की सुविधा है. फॉल तक पहुंचने के लिए 650 सीढ़ियों का सफर तय करना पड़ता है.

undefined
Also Read: Jharkhand News : दो फ्लाईओवर और सड़क निर्माण के बाद कैसी दिखेगी अपनी रांची, देखिए PHOTOS

सीता फॉल में 300 फीट की ऊंचाई से गिरता है पानी

रांची का सीता फॉल भी मनमोहक है. रांची से सीता फॉल की दूरी 44 किमी है. जोन्हा फॉल से यह 4 किमी दूर है. यह फॉल निर्जन व सुनसान जगह पर स्थित है. यहां झरना का पानी 300 फीट की ऊंचाई से गिरता है. यहां स्थित एक प्राचीन मंदिर में माता सीता के पदचिन्ह हैं. दंत कथाओं के अनुसार वनवास के समय माता सीता व लक्ष्मण के साथ प्रभु श्रीराम यहां कुछ दिन रुके थे. माता सीता इसी झरने के पानी से रसोई तैयार करती थीं. यहां तक पक्की सड़क की सुविधा है. लोग 350 सीढ़ियां उतरकर मनमोहक फॉल के मनोरम दृश्यों का आनंद उठाते हैं. प्रशासन की तरफ से यहां सुरक्षा व्यवस्था की जाती है. जंगलों व पहाड़ों से घिरे होने के कारण यह वाटरफॉल अन्य फॉल की अपेक्षा ज्यादा खूबसूरत है.

undefined
Also Read: Jharkhand News : झारखंड के सबसे ऊंचे लोध फॉल की खूबसूरती देख मन हो जायेगा गदगद, देखिए PHOTOS

मन मोहता गेलतसूद डैम

रांची के अनगड़ा का गेतलसूद डैम प्रकृति की गोद में बसा है. गेतलसूद डैम भी अनगड़ा को पर्यटन के क्षेत्र में पहचान दिलाता है. स्वर्णरेखा नदी पर हजारों एकड़ में बांधा गया इस डैम का पानी लोगों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करता रहता है. सामान्य दिनों एवं नये साल पर भी पिकनिक मनाने के लिए यहां लोगों की भीड़ जुटती है. परिवार के साथ लोग यहां वनभोज मनाने आते हैं. यह डैम रांची से 30 किमी दूर है. रांची-पुरूलिया मार्ग से यहां पहुंचा जा सकता है. जंगलों व पहाड़ों से घिरे गेतलसूद डैम में पर्यटक मनमोहक दृश्यों का आनंद उठाते हैं. डैम के आसपास विदेशी व विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों आकर्षक पक्षी दिखते हैं. यहां सूर्योदय व सूर्यास्त का नजारा काफी मनमोहक है.

undefined

सावधानी बरतें

रांची के अनगड़ा स्थित इन जल प्रपातों या अन्य पर्यटन स्थलों पर घूमने जायें तो सावधानी जरूर बरतें. सीढ़ियों से सावधानी से उतरें. पानी के समीप न जायें. नशे का सेवन न करें. मार्ग में कई जगह सड़क घुमावदार है. इसलिए वाहन की गति पर नियंत्रण रखें. पर्यटन मित्रों व सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.

रिपोर्ट : जीतेंद्र कुमार, अनगड़ा, रांची

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola