घर बैठे एक ही बूथ पर जोड़ें पूरे परिवार का नाम, झारखंड में BLO पहुंचेंगे सीधे आपके दरवाजे पर
झारखंड में घर घर जाकर मतदाताओं का सर्वे करेंगे BLO, Pic Credit- AI, Only For Symbolism
झारखंड में मतदाता सूची के सत्यापन का नया चरण शुरू हो गया है। अब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन करेंगे। इसका उद्देश्य सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
रांची : झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित होने के बाद अब राज्य में मतदाता सूची के सत्यापन का अगला चरण शुरू होने जा रहा है. पूरे राज्य में होम टू रोल वेरिफिकेशन कार्यक्रम चलाया जाएगा. इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन करेंगे. अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक परिवार और एक घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों.
आपके शहर में
झारखंड के सीईओ बोले- योग्य नागरिकों का न छूटे नाम
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे. प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद बीएलओ घर-घर जाकर यह भी सत्यापित करेंगे कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज है या नहीं. जिन पात्र लोगों का नाम सूची में नहीं है, उनके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणापत्र जमा कराने तथा उसके डिजिटाइजेशन की स्थिति की भी जांच की जाएगी.
अलग-अलग बूथ पर दर्ज है नाम तो भरना होगा फॉर्म-8
सत्यापन के दौरान बीएलओ यह भी देखेंगे कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में तो दर्ज नहीं हैं. यदि किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास से संबंधित मतदान क्षेत्र के बजाय किसी अन्य मतदान केंद्र पर दर्ज है, तो उसे सही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में सहायता दी जाएगी. निर्वाचन विभाग का लक्ष्य एक परिवार-एक मतदान केंद्र व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, केंद्र और झारखंड सरकार को नोटिस
दूसरे राज्यों में नाम है तो भी कर सकेंगे स्थानांतरण
झारखंड में सामान्य रूप से निवास करने वाले ऐसे मतदाता, जिनका नाम वर्तमान में बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे झारखंड में अपने वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान केंद्र की मतदाता सूची में नाम स्थानांतरित करा सकते हैं. इसके लिए फॉर्म-8 के साथ निर्धारित घोषणापत्र जमा करना होगा. बीएलओ पात्र मतदाताओं को इसकी प्रक्रिया की जानकारी और आवश्यक सहयोग देंगे.
घरों में लगाया जाएगा फैमिली टुगेदर स्टिकर
अभियान के दौरान सभी परिवारों में फैमिली टुगेदर स्टीकर लगाने की भी पहल की जाएगी. इसके माध्यम से परिवार के सभी एडल्ट और योग्य सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा. स्टिकर पर संबंधित घर अथवा नजरी गृह संख्या अंकित करने की व्यवस्था होगी. साथ ही मतदाताओं की सहायता के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी.
युवा ऑनलाइन माध्यमों से भी कर सकते हैं आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पात्र नागरिकों से बीएलओ को सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मतदाता अपने और परिवार के सभी योग्य सदस्यों के नाम और मतदाता सूची में दर्ज डिटेल्स की जांच जरूर करें. किसी पात्र व्यक्ति का नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है. वहीं, अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज परिवार के सदस्यों के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार या स्थानांतरण कराया जा सकता है. ऑनलाइन मतदाता सेवाओं, वोटर रजिस्ट्रेशन और ई-साइन सुविधाओं का उपयोग करने के लिए मतदाता राष्ट्रीय स्तर के डिजिटल पोर्टल ईसीआई वोटर्स सर्विस पोर्टल (ECI Voters' Service Portal) का उपयोग कर सकते हैं. मतदाता सूची से संबंधित किसी भी सहायता या प्रश्न के लिए राष्ट्रीय मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: होटल से निकलते ही कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, चार गोलियां लगीं, मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए