Jharkhand Breaking News LIVE: सिमडेगा के कोलेबिरा थाना पहुंचे डीआईजी, हवलदार की आत्महत्या मामले की ली जानकारी
Jharkhand Breaking News: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
सिमडेगा के कोलेबिरा थाना पहुंचे डीआईजी, हवलदार की आत्महत्या मामले की ली जानकारी
सिमडेगा, रविकांत साहू: कोलेबिरा थाने में हवलदार द्वारा अपने ही हथियार से आत्महत्या कर लिए जाने की घटना के बाद डीआईजी अनूप बिरथरे थाना पहुंचे. एसपी व थाना प्रभारी से पूरे मामले की जानकारी ली. डीआईजी ने पत्रकारों को बताया कि सत्यजीत कच्छप 1 नवंबर को बगैर सूचना के ही सरकारी इंसास राइफल लेकर अपने घर चले गए थे. 2 नवंबर को वह अपने घर से निजी कार से लसिया होते बरसलोया की ओर जा रहे थे. लसिया गांव के समीप उनकी कार से एक बाइकर सवार को ठोकर लग गयी. बाइक सवार एवं कुछ लोगों के द्वारा सत्यजीत का पीछा किया गया तथा चांदोबाजार के समीप बाइक सवार व ग्रामीणों के द्वारा सत्यजीत की कार को रोककर उनके साथ मारपीट की गयी. इसी दौरान सत्यजीत के द्वारा सरकारी इंसास राइफल से हवाई फायरिंग की गयी. हवाई फायरिंग करने पर सभी लोग वहां से फरार हो गये. सत्यजीत जंगल में घुस गए. घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा पुलिस सत्यजीत को ढूंढ कर थाने ले आयी. थाना परिसर में ही पुलिस वाहन में सत्यजीत ने अपनी इंसास राइफल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली. डीआईजी ने कहा कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
रिंग रोड पर ढाबा मालिक की गोली मारकर हत्या
नगड़ी थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित अनस ढाबा के मालिक समसुल हक की शुक्रवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है.
खूंटी में बालू तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, दो हाइवा समेत अन्य वाहन जब्त
खूंटी में बालू का अवैध खनन और तस्करी जारी है. बालू माफिया चोरी-छिपे बालू का अवैध बिक्री कर रहे हैं. रनिया में बालू लदे तीन हाइवा जब्त होने के बाद शुक्रवार की सुबह कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा से बालू लदे दो हाइवा को जब्त किया गया है. लोधमा क्षेत्र में शुक्रवार को की गयी छापेमारी में बालू लदे दो हाइवा (ओडी 09पी 3569) और (जेएच 01डीबी 2608) को पकड़ा गया है. इसे जब्त कर कर्रा थाना को सुपुर्द किया गया है. इस संबंध में चालक और वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इधर, खूंटी थाना क्षेत्र के कालामाटी से पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए एक डंफर को भी (जेएच01एक्स 5805) को पकड़ा गया है. इस संबंध में खूंटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अभियान में खनन निरीक्षक सुबोध सिंह और पुलिस के जवान शामिल थे.
सूद कारोबारी धर्मेंद्र सिंह हत्याकांड के दोषी विश्वजीत प्रधान को उम्रकैद की सजा, 25 हजार रुपए जुर्माना
जमशेदपुर, कुमार आनंद: एडीजे-1 राजेंद्र सिन्हा की अदालत ने शुक्रवार को काशीडीह के धर्मेंद्र सिंह (सूद कारोबारी) हत्याकांड में दोषी सह टाटा स्टीलकर्मी विश्वजीत प्रधान को उम्रकैद की सजा सुनायी और 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया.
कृषि मंत्री बादल ने प्रगति मैदान में वर्ल्ड फूड इंडिया के झारखंड पैवेलियन का किया उद्घाटन
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ल्ड फूड इंडिया के दूसरे संस्करण की शुरुआत की. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने प्रगति मैदान में झारखंड पैवेलियन का विधिवत उद्घाटन किया. बता दें कि भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने वर्ष 2017 में वर्ल्ड फूड इंडिया का पहला संस्करण लॉन्च किया था.
सीसीएल के डीटी (पीएंडपी) बी साईराम होंगे एनसीएल के नए सीएमडी
बेरमो, राकेश वर्मा: कोल इंडिया की अनुषांगिक इकाई सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) बी साईराम एनसीएल के अगले सीएमडी होंगे. शुक्रवार की सुबह 9 बजे एनसीएल के नए सीएमडी के चयन को लेकर पीईएसबी द्वारा लिए गए इंटरव्यू में बी साईराम का चयन किया गया.
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए