Jharkhand Breaking News: ओड़िशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की मौत पर CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
ओड़िशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की मौत पर CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
रांची : ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास के दुर्भाग्यपूर्ण और असामयिक निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत नब किशोर की आत्मा को शांति प्रदान करने की कामना की.
बोकारो के पेटरवार में हाथी ने एक युवक को कुचल कर मार डाला
बेरमो : बोकारो जिला अंतर्गत पेटरवार थाना की चांदो पंचायत के ठडघटिया गांव में रविवार को शाम अंधेरे में बाबूचंद मांझी को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला. बताया जाता है कि बाबूचंद मांझी ने दिहाड़ी मजदूरी कर घर वापस लौटने के क्रम देर शाम को अंधेरे में जंगली हाथी को देख नहीं पाया. अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगली हाथी ने 35 वर्षीय बाबूचंद मांझी को कुचल कर मौत का घाट उतार दिया. इसकी सूचना मिलती ही गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पेटरवार थाना और वन विभाग को दिया गया है.
गुमला के रायडीह में जंगली हाथी ने वृद्ध को कुचल कर मार डाला
गुमला : रायडीह प्रखंड के केमटे कनचोड़ा गांव में जंगली हाथी ने 60 वर्षीय जुरयानुस तिग्गा को कुचल कर मार डाला. जानकारी के अनुसार, केमटे कनचोड़ा गांव के जंगल में मृतक जुरयानुस तिग्गा जंगली हाथी देखने गया था. इसी दौरान जुरयानुस जंगली हाथी की चपेट में आ गया. जंगली हाथी ने जुरयानुस को सूंड़ से पकड़ लिया और पटकने के बाद पैर से कुचलकर मार डाला. घटना की सूचना मिलते ही रायडीह प्रखंड के प्रभारी वनपाल शम्मी आफताब, हेमराज उरांव, जितु खड़िया और चैनपुर के वनरक्षी मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया. बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य के रास्ते से झारखंड राज्य सीमावर्ती इलाका केमटे पंचायत में दिसंबर माह में जंगली हाथियों का झुंड प्रवेश किया था. इस झुंड से बिछड़े जंगली हाथी को लगातार केमटे पंचायत के विभिन्न गांव के जंगलों में घूमते हुए देखा जा रहा है. दिसंबर माह से लेकर अबतक इस क्षेत्र में जंगली हाथियों ने दर्जनों घरों को ध्वस्त कर चुके हैं. घर में रखे अनाज को खाने के बाद बर्बाद कर दिया. यहां तक कि खेत में लगे फसलों को भी रौंद डाला है. हाथियों के आतंक से लगातार लोग परेशान हैं. हालांकि वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित छत्तीसगढ़ राज्य के जंगल में खदेड़ने में लगी हुई है. लेकिन, झुंड से भटके हुए हाथी लगातार हमलावर बने हुए हैं और लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
राज्यपाल रमेश बैस ने स्थानीय नीति विधेयक को लौटाया
रांची : राज्यपाल रमेश बैस ने झारखंड विधानसभा से पारित ‘झारखंड स्थानीय व्यक्तियों की परिभाषा और परिणामी सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य लाभों को ऐसे स्थानीय व्यक्तियों तक विस्तारित करने के लिए विधेयक- 2022’ की पुनर्समीक्षा के लिए राज्य सरकार को वापस कर दिया गया है. उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार इस विधेयक की वैधानिकता की समीक्षा करें कि यह संविधान के अनुरूप एवं हाईकोर्ट के आदेश एवं निदेशों के अनुरूप हो.
चाकुलिया- धालभूमगढ़ मार्ग पर ट्रक के धक्के से बाइक सवार दो युवक घायल, MGM रेफर
चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाकुलिया- धालभूमगढ़ मार्ग पर कमारीगोडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, डुमरिया निवासी बलराम भगत तथा मुसाबनी निवासी फोगला भगत अपने निजी कार्य से मानुषमुड़िया आये थे. मानुषमुड़िया से अपने घर वापस लौटने के दौरान कमारीगोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी. ट्रक की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गये. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को चाकुलिया सीएचसी पहुंचाया. जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने दोनों का प्राथमिक इलाज कर गंभीर स्थिति देखते हुए एमजीएम रेफर कर दिया. बाइक चला रहे बलराम भगत के सिर एवं पेट में गंभीर चोट आयी है. उसका दाहिना हाथ भी टूट गया है. वहीं, बाइक के पीछे बैठे बगुला भगत का दाया पांव टूट गया है. टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक चालक ने घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर रंकिनी मंदिर के समीप ट्रक को खड़ा कर फरार हो गया. जानकारी मिली थी उक्त ट्रक धालभूमगढ़ स्थित रैक से अनाज लादकर चाकुलिया एफसीआई जा रही थी. सूचना पाकर चाकुलिया पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों का हाल जाना तथा ट्रक को जब्त कर लिया.
हॉकी विश्व कप का फाइनल मैच देखने ओडिशा पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन

रांची : 15वें हॉकी विश्व कप (पुरुष)-2023 फाइनल मैच देखने सीएम हेमंत सोरेन ओडिशा के भुवनेश्वर पहुंचे. बीजू पटनायक एयरपोर्ट, भुवनेश्वर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री श्री सोरेन रविवार को द कलिंगा हॉकी स्टेडियम भुवनेश्वर में आयोजित 15वें हॉकी विश्व कप (पुरुष)-2023 फाइनल मैच के दौरान स्टेडियम पर मौजूद रहेंगे. बता दें कि फाइनल मुकाबला जर्मनी और बेल्जियम के बीच खेला जाएगा.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए