Jharkhand Breaking News LIVE: रांची के लोक गायक महाबीर नायक को मिला संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
रांची के लोक गायक महाबीर नायक को संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार
रांची: लोक गायक महाबीर नायक को शनिवार को नयी दिल्ली में संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार से सम्मानित किया गया. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उन्हें ताम्रपत्र, अंगवस्त्रम के अलावा एक लाख रुपये प्रदान किया. महाबीर नायक को यह पुरस्कार झारखंडी लोक संगीत में उनके योगदान के लिए दिया गया. आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75 साल से अधिक उम्र के देशभर से 84 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
रिम्स एमबीबीएस बैच 2023 के छात्रों के लिए व्हाइट कोट समारोह का आयोजन
रांची: रिम्स एमबीबीएस बैच 2023 के लिए व्हाइट कोट समारोह का आयोजन किया गया. यह समारोह स्वास्थ्य देखभाल व करियर की दिशा में मेडिकल छात्रों के लिए एक अनुष्ठान, एक औपचारिक कार्यक्रम है. रिम्स निदेशक डॉ राजीव गुप्ता ने नए विद्यार्थियों के कंधों पर सफेद कोट रखा और कहा कि यह समारोह प्री-मेडिकल से मेडिकल छात्रों में औपचारिक परिवर्तन का प्रतीक है. छात्रों को चरक शपथ भी दिलायी गयी. डीन डॉ विद्यापति, विभागाध्यक्ष एनाटोमी, फिजियोलॉजी, बायो केमिस्ट्री और पीएसएम के अलावा डेंटल इंस्टीट्यूट के प्रधानाध्यापक व अन्य फैकल्टी मौजूद थे. मौके पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमे 34 यूनिट रक्त संग्रह हुआ.
रांची के कई थानों को मिले नए थानेदार, सुनील कुमार तिवारी फिर बने नामकुम थाना प्रभारी
रांची के ओरमांझी, नामकुम, डेली मार्केट, ठाकुर गांव और ट्रैफिक थाना और लालपुर को नया थानेदार मिला है. नामकुम थाना के प्रभारी फिर बने सुनील कुमार तिवारी, वहीं ओरमांझी थाना प्रभारी आलोक सिंह बनाए गए हैं.
बोकारो में सड़क निर्माण के दौरान वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
ऊपरघाट: बोकारो के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत ऊपरघाट स्थित पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के मेजुर मरवा जंगल के पास दोपहर 1 बजे मिलर गाड़ी के उपचालक की मौत घटनास्थल पर ही गयी. बताया जाता है कि पिलपिलो मोड़ से सारूबेड़ा तक पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है. मेजुर मरवा के पास गार्ड वाल का काम चल रहा है. मिलर गाड़ी के उपचालक जुरामना निवासी इंद्रदेव तुरी के 22 वर्षीय पुत्र प्रशांत तुरी गाड़ी से मसाला गिराने लगा तो गाड़ी धीरे धीरे 15-20 फीट गड्ढा खेत की ओर दबने लगा. वह भागने की कोशिश कर दौड़ा भी लेकिन मिलर गाड़ी की चपेट में आ गया.
श्री कृष्णा नगर कॉलोनी युवक संघ की श्री गणेश पूजा समिति के मुख्य संरक्षक बने हरविंदर सिंह बेदी व रमेश सिंह
रांची: श्री कृष्णा नगर कॉलोनी युवक संघ द्वारा कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित शहीद भगत सिंह चौक में 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी उत्सव मनाया जाएगा. आयोजन को लेकर संस्था के संस्थापक रौनक ग्रोवर की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया, जिसमें हरविंदर सिंह बेदी और रमेश सिंह को मुख्य संरक्षक तथा डॉ अजय छाबड़ा को संरक्षक बनाया गया. मीडिया का प्रभार नरेश पपनेजा को सौंपा गया.
16 वर्षों से फरार नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का सदस्य सोमरा गुमला से गिरफ्तार, चौकीदार की कर दी थी हत्या
गुमला, दुर्जय पासवान: गुमला जिला अंतर्गत चैनपुर थाना की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 16 वर्षों से फरार भाकपा माओवादी का सदस्य सह उग्रवादी सोमरा उरांव (35 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है. सोमरा पर चौकीदार की हत्या करने का आरोप है. 16 साल पहले चौकीदार की हत्या के बाद से वह फरार था.
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए