Jharkhand Breaking News: पलामू में डेढ़ करोड़ की लालच में युवक ने गंवाए डेढ़ लाख रुपये
Jharkhand Breaking News LIVE Updates: झारखंड में आज फिर से यूपीए विधायक दलों की बैठक बुलाई गई है. यह बैठक आज शाम 4 बजे होगी. बैठक विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के आवास पर बुलाई गई है. ऐसे ही तमाम खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
पलामू में डेढ़ करोड़ की लालच में युवक ने गंवाए डेढ़ लाख रुपये
मेदिनीनगर : पलामू जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के चपरवार निवासी रवींद्र राम धोखाधड़ी का शिकार हो गया. डेढ़ करोड़ की लालच में रवींद्र ने एक लाख 58 हजार रुपये गंवा चुका है. भुक्तभोगी रवींद्र ने बताया कि ड्रीम एलेवन कंपनी द्वारा सट्टेबाजी में डेढ़ करोड़ रुपये कमाने का झांसा दिया गया था. कंपनी द्वारा बताया गया था कि करीब डेढ़ लाख रुपये इनवेस्ट करना पड़ेगा. वह भी किस्तों में राशि जमा करना है. रवींद्र को भी यह ऑफर अच्छा लगा. उसके पास जो रुपये थे. उसने कंपनी के खाते में किस्तवार डालना शुरू कर दिया. भुक्तभोगी ने बताया कि छह नवंबर से नौ नवंबर के बीच 17 किस्तों में एक लाख 58 हजार रुपये कंपनी के खाते में जमा किया. राशि जमा करने के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने भुक्तभोगी रवींद्र के खाते में डेढ़ करोड़ रुपये राशि जमा किये जाने के प्रमाण स्वरूप स्क्रिन शॉट मोबाइल से लेकर भेज दिया. खुशी से गदगद रवींद्र ने जब अपने बैंक खाता का बैलेंस चेक करने का प्रयास किया तो उसका खाता हैक कर लिया गया. भुक्तभोगी ने बताया कि उसके साथ कंपनी ने धोखाधड़ी किया है. वह डेढ़ करोड़ के लालच में एक लाख से अधिक रुपये कर्ज लेकर कंपनी के खाते में जमा किया है. इस मामले में भुक्तभोगी रवींद्र ने साइबर थाना में आवेदन देकर पूरी मामले की जानकारी दी और कार्रवाई करने का आग्रह किया.
रामगढ़ के भुरकुंडा में हथियार दिखाकर सेल्समैन से 60 हजार रुपये की लूट
भुरकुंडा (रामगढ़) : सौंदा डी लेनिन चौक पानी टंकी के समीप दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने दो सेल्समैन से करीब 60 हजार रुपये लूट लिया. घटना बुधवार शाम करीब सात बजे की है. घटना के संबंध में सेल्समैन चंदन कुमार ने भुरकुंडा थाना में लिखित शिकायत की है. पीड़ित चंदन ने बताया कि वे पतरातू स्थित आयुष इंटरप्राइजेज के कर्मी हैं. भुरकुंडा और आसपास के बाजार में मालवाहक टेम्पो से परचून की सप्लाई करते हैं. शाम को भुरकुंडा बाजार से कलेक्शन के बाद सौंदा डी बाजार से कलेक्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने उनकी टेम्पो को रोक लिया और हथियार दिखाकर मारपीट करते हुए कलेक्शन का करीब 60 हजार रुपये लूट लिया. इस दौरान घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी सेंट्रल सौंदा की ओर भाग निकले. टेम्पो में चंदन के साथ सेल्समैन अनूप गांगुली भी थे. इधर, घटना के बाद पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान में जुट गयी है. थाना प्रभारी बलवंत दुबे ने घटनास्थल पहुंच कर छानबीन की.
सीएम हेमंत सोरेन के आवास पर UPA विधायकों की बैठक खत्म, कल फिर होगा जुटान
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर बुधवार को UPA विधायकों की बैठक खत्म हो गयी. इस बैठक में 17 नवंबर, 2022 को ईडी के समक्ष सीएम श्री सोरेन के पेश होने से पहले विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई. बैठक से बाहर निकलकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि 17 नवंबर को लेकर इस बैठक में कोई रणनीति नहीं बनी है. ईडी के समक्ष पेश होने के मामले में मुख्यमंत्री को फैसला लेना है कि उन्हें जाना है या नहीं. कहा कि जिस तरह से विपक्ष वर्तमान सरकार को अपदस्थ करने की कोशिश में लगी है, उसको लेकर लगातार नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि गुरुवार की सुबह 11 बजे यूपीए विधायक एक बार फिर जुटेंगे.
धनबाद के बाघमारा में दो बाइक की सीधी टक्कर, नाबालिग सहित पांच लोग घायल
धनबाद : बाघमारा थाना क्षेत्र के हरिणा- चंद्रपुरा सड़क मार्ग पर पांडयेडीह जगदंबा पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को दो बाइक के बीच सीधी टक्कर में नाबालिग सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में विस्थापित बड़ापांडेयडीह निवासी संजय रवानी के पुत्र हर्ष रवानी, शनिचर महतो के पुत्र शुभम महतो एवं संजय महतो के पुत्र राजा बाबू शामिल हैं. तीनों के सर पर गंभीर चोट लगी है. शुभम का जबढ़ा टूट गया है. वहीं, नाबालिग राजा बाबू के सर में गंभीर चोट लगी है. बताया गया कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर से हरिणा बाजार जा रहे थे. इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक के बीच सीधी टक्कर हो गयी. इस हादसे में दूसरे बाइक में सवार दो लोग सद्दाम मल्लिक एवं सन्नू मल्लिक भी घायल हो गया. जिसमें सद्दाम के सर पर गंभीर चोट लगी है. दोनों यूपी का रहने वाला बताया गया है. यहां भाड़े के मकान पर रह कर फेरी का काम करता हैं. घटना के बाद सभी घायलों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए डुमरा रीजनल अस्पताल ले गये.
राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में आर्ची गुप्ता को मिला गोल्ड मेडल

बलियापुर (धनबाद) : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी स्तर पर बोकारो स्टील सिटी कॉलेज, बोकारो में आयोजित इंटर कॉलेज एयर राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप में धनबाद के बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज के बीए सेमेस्टर-दो की छात्रा आर्ची गुप्ता ने गोल्ड मेडल जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया है. इसके साथ ही ऑल इंडिया नेशनल गेम के लिए उसका चयन हो गया. धनबाद के नवाडीह स्थित श्रीराम कुंज निवासी नरेंद्र नारायण गुप्ता एवं मालती गुप्ता की पुत्री है अार्ची. उनकी इस सफलता पर उनके टीम मैनेजर और कोच प्रेम कुमार बाउरी, बीबीएम कॉलेज बलियापुर के प्रभारी प्राचार्य डॉ पीसी मंडल, प्रोफेसर परिमल कुमार महतो, डॉ वीके यादव, बीपीओ पूजा वर्मा, प्रोफेसर एपी भंडारी, डब्लू महतो, पांचू महतो आदि ने बधाई दी है. वहीं, आर्ची गुप्ता की इस सफलता के लिए सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो की पत्नी पूर्व जिप सदस्य तारा देवी ने उन्हें सम्मानित भी किया.
मुंगेर से भटक कर धनबाद के बरवाअड्डा पहुंची एक बुजुर्ग महिला

बरवाअड्डा (धनबाद) : बिहार के मुंगेर निवासी एक बुजुर्ग महिला धर्मशीला देवी भटककर धनबाद के बरवाअड्डा पहुंच गयी. बरवाअड्डा थाना की पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए धर्मशीला को रहने एवं खाने की व्यवस्था की. फिर घटना की सूचना उसके परिवार वालों को दी गयी. बुधवार को बुजुर्ग महिला के परिवार वाले बरवाअड्डा थाना पहुंचे और बुजुर्ग महिला को लेकर वापस दुमका लौट गये. इस मौके पर थानेदार सुमन कुमार, एसआई अनीस राज समेत महिला के परिजन मौजूद थे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए