Jharkhand Breaking News: BJP की विजय संकल्प महारैली में जुटेंगे 6 विस क्षेत्र के कार्यकर्ता व जनता
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
BJP की विजय संकल्प महारैली में जुटेंगे 6 विस क्षेत्र के कार्यकर्ता व जनता
चाईबासा : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात जनवरी, 2023 को चाईबासा आ रहे हैं. इसके तहत विजय संकल्प महारैली को सफल बनाने के लिए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने बुधवार को लोकसभा प्रवास योजना कोर कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक की. साथ ही कोर कमिटी के सभी सदस्यों से इस महारैली को सफल बनाने के लिए निष्ठापूर्वक जुटने को कहा, ताकि सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के छह विधानसभा के सभी बूथों के कार्यकर्ता और जनता विजय संकल्प महारैली में आकर अमित शाह का संबोधन सुन सकें. उन्होंने कहा कि हम सबों का लक्ष्य है कि हर हालत में सिंहभूम लोकसभा सीट को जीता सके. इस अवसर पर मुख्य रूप से पार्टी के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सह लोकसभा प्रवास के प्रदेश संयोजक सरोज सिंह, जिला अध्य्क्ष सतीश पूरी, प्रभारी उदय सिंहदेव, संयोजक संजय पांडेय, जेबी तुबिद, जवाहर लाल बानरा, पुतकर हेम्ब्रम, बिनोद श्रीवास्तव, शशि सामड, रमेश हंसदा, अनूप सुलतानियां, गणेश माहली, अशोक सारंगी, मालती गिलुवा, प्रताप कटियार, राकेश शर्मा, जगदीश पिंगुवा, पंकज सिंह, राकेश मिश्रा, रितिका मुखी, महेंद्र गोप व रामानुज शर्मा आदि उपस्थित थे.
गोला गोलीकांड के एक अन्य मामले में ममता देवी और राजीव जायसवाल को हुई सजा
रामगढ़ : गोला गोलीकांड से ���ुड़े गोला थाना में दर्ज 65/16 के केस में बुधवार को हजारीबाग की विशेष कोर्ट ने पूर्व विधायक ममता देवी और बीजेपी नेता राजीव जायसवाल को दो साल की सजा सुनायी है. साथ ही पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. वहीं, इस केस से जुड़े अन्य अभियुक्त को बरी कर दिया गया है. न्यायाधीश पवन राय की विशेष कोर्ट ने यह सुनवाई हुई. इससे पूर्व आठ दिसंबर को आंदोलन के नेतृत्वकर्ता राजीव जायसवाल, तत्कालीन रामगढ़ विधायक ममता देवी सहित कुल 13 आरोपियों को कांड संख्या 79/16 में दोषी ठहराया था. जिसमें 13 दिसंबर को राजीव जायसवाल, ममता देवी सहित 13 आरोपियों को पांच वर्ष की सजा सुनाई थी. केस में सजा सुनाए जाने के बाद तत्कालीन विधायक ममता देवी की विधायकी चली गयी.
सिमडेगा के कसडेगा पुल के समीप हथियार के बल पर 45 हजार रुपये की लूट
सिमडेगा : कुरडेग थाना क्षेत्र के कसडेगा पुल के निकट दो बाइक में जा रहे लोगों से अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर 45 हजार रुपये लूट लिये. जानकारी के अनुसार, एक बाइक से पाकरटांड़ बसंतपुर निवासी सोमारू तिर्की और मनोज तिर्की एवं दूसरे बाइक से पितांबर मेंहर और नाचा मेहर बैल खरीदने के लिए ओड़िशा के सीकाजोर जा रहे थे. इसी क्रम में पुल के पास पहले से घात लगाये बैठे अपराधियों ने हथियार के बल पर इन लोगों को रोका और उनसे लूटपाट की. मनोज तिर्की से 25 हजार और पितांबर मेंहर से 20 हजार लूट लिया. बताया गया कि पांच-छह की संख्या में अपराधी थे. सुबह में अंधेरा और धुंध होने के कारण नहीं पहचान पाये. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंच कर मामले की जानकारी ली. सिमडेगा मुख्यालय डीएसपी पतरस बरवा भी घटनास्थल पर पहुंचे और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये. कुरडेग पुलिस और केरसई पुलिस संयुक्त रूप से अपराधियों की तलाश में जुट गयी है.
लातेहार के चंदवा में दो kg अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 27 हजार नगद बरामद
चंदवा : लातेहार जिला अंतर्गत चंदवा थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो किलोग्राम अफीम के साथ दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 27,100 रुपये नगद और मोबाइल भी बरामद किया है. एसपी अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चंदवा पुलिस ने यह कार्रवाई की है. गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप प्रसाद साहू पिता स्वर्गीय बंशी साहू और प्रदीप कुमार पिता महेंद्र साहू (दोनों ग्राम कुरियांम खुर्द, बालूमाथ, लातेहार) शामिल है. इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस कप्तान के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में एक छापामार टीम गठित की गई थी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप एनएच पर देर रात वाहन जांच अभियान शुरू किया गया. इसी क्रम में सासंग की तरफ से आ रही एक ब्रेजा कार (जेएच01डी-1074) को रोका गया. इसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखे गए काले रंग का एक बैग मिला. इसमें दो किग्रा अफीम पाया गया. तत्काल दिलीप प्रसाद साहू एवं प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
चतरा पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार
चतरा पुलिस ने रामटुंडा फुटबॉल टांड़ के पास से 85 हजार के ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करो को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्करों में गिद्धौर थाना क्षेत्र के गिद्धौर निवासी देवकांत कुमार दांगी उर्फ मोती दांगी (पिता केदार प्रसाद दांगी) व सदर थाना क्षेत्र के कठौतिया निवासी मो० परवेज (पिता मो० आरिफ) शामिल हैं. तस्करो के पास से 17 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा एक बाइक (जेएच 01 डीटी 3028) व दो मोबाईल जब्त किया गया.
गिरिडीह पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दस हैंड ग्रेनेड बरामद
नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे सर्च अभियान के दौरान गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सीआरिपीएफ और जिला पुलिस के द्वारा चलाये गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने डुमरी थाना इलाके के बनपुरा गांव से दस हैंड ग्रेनेड बरामद किया है. यह ग्रेनेड नक्सलियों के द्वारा जमीन के अंदर छिपा कर रखा गया था. फिलहाल, इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए