Jharkhand Breaking News Live: वीमेंस एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी में भारत ने कोरिया को 5-0 गोल से दी करारी शिकस्त
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
भारत ने कोरिया को 5-0 गोल से दी करारी शिकस्त
रांची: झारखंड वीमेंस एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी में भारत बनाम कोरिया के बीच खेले गए दिन के तीसरे मुक़ाबले में भारत ने कोरिया को 5-0 गोल से करारी शिकस्त दी. इस प्रकार भारतीय टीम अपने सभी मैच जीतकर इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा.
लखीराम साई मतकुबेड़ा के मैदान में लगेगी शहीद देवेंद्र मांझी की प्रतिमा
बंदगांव: पश्चिमी सिंहभूम जिले की हुडागंदा पंचायत के लखीराम साई मतकुबेड़ा में शहीद देवेन्द्र मांझी की 21वीं ऐतिहासिक विशाल सभा का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड की मंत्री जोबा मांझी, विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई ,बीस सुत्री अध्यक्ष दोराय जोंको शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत लखीराम साई मतकुबेडा मैदान में स्थित स्वर्गीय देवेन्द्र मांझी ऐतिहासिक स्थल पर पूजा-अर्चना व श्रद्धांजलि अर्पित कर की गयी. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोबा मांझी ने कहा कि 1975 में लखिराम साई मतकुबेड़ा मैदान में शहीद देवेन्द्र माझी ने झारखंड अलग राज्य एवं जल जंगल जमीन की आन्दोलन की नींव रखी थी. उन्होंने कहा कि शहीद देवेन्द्र माझी का नारा था-जल, जंगल, जमीन हमारा है. और इसमें हमारा ही अधिकार रहेगा. उन्होंने कहा कि शहीद देवेन्द्र माझी के अधूरे सपने को हमें पूरा करना है. आगामी 2024 तक इसी मैदान में शहीद देवेंद्र मांझी की प्रतिमा लगाई जाएगी. इसके साथ ही मैदान बनाया जायेगा. कार्यक्रम को उपमुखिया हेमलता सरदार, ग्राम मुण्डा मंगल सरदार, मानीहंस मुण्डा, मिथुन गागराई, अरूप चटर्जी ने भी संबोधित किया.
गिरिडीह में ऑटो केयर सर्विसिंग सेंटर में लगी आग, करीब 18 लाख की संपत्ति जलकर राख
गिरिडीह: पचंबा थाना इलाके के दुर्गा मंडप के समीप ऑटो केयर सर्विसिंग सेंटर में गुरुवार की रात करीब साढ़े सात बजे अचानक आग लग गयी. अगलगी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. सर्विसिंग सेंटर के गैरेज में रखी गाड़ियों में आग लगने के बाद आग की लपटें ऊपर उठने लगीं, जिससे आस-पास के लोगआग बुझाने में जुट गए और सर्विसिंग सेंटर के कर्मियों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के बाद तुरंत कर्मियों ने फायर ब्रिगेड की टीम को घटना की जानकारी दी. फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. कर्मियों की मानें तो अगलगी की इस घटना में 18 से 20 लाख का नुकसान हुआ है. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पचंबा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली.
सिमडेगा में एक जवान ने अपने ही हथियार से गोली मारकर की आत्महत्या
सिमडेगा, रविकांत साहू: सिमडेगा में कोलेबिरा पुलिस के एक जवान ने अपने ही हथियार से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है.
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन पहुंचे हॉकी स्टेडियम, भारत-कोरिया मैच का लिया आनंद
रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में झारखंड महिला एशियन चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है. गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम पहुंचे और भारत-कोरिया मैच का आनंद लिया.
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का अक्षत घर-घर पहुंचा जाएगा, बोले विश्व हिंदू परिषद के कैलाश केसरी
रांची: विश्व हिंदू परिषद रांची महानगर की बैठक शक्ति आश्रम, प्रांत कार्यालय किशोरगंज (हरमू) में संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता कैलाश केसरी ने की. कैलाश केसरी ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि मन्दिर अयोध्या से अक्षत लाया जा रहा है, जिसे घर-घर पहुंचा जाएगा. सभी महानगर के लोगों को इस मंदिर के लिए आमंत्रण दिया जाएगा. 16 नवंबर से 21 नवंबर तक के धार्मिक अनुष्ठान का कार्यक्रम महानगर में किया जाएगा. मंदिरों में रामचरितमानस, हनुमान चालीसा महाआरती का आयोजन किया जाएगा. इस बैठक में रांची महानगर के द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई. इसमें महर्षि वाल्मीकि जयंती, शौर्य जागरण यात्रा एवं आगामी कार्यक्रमों की योजना बनाई गई. बैठक में मुख्य रूप से रांची महानगर के अध्यक्ष कैलाश केसरी, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत धर्म प्रसार परियोजना सहप्रमुख रेनू अग्रवाल, रांची विभाग मंत्री किशुन झा, महानगर मंत्री चंद्रदीप दुबे, सहमंत्री विश्व रंजन, बजरंग दल महानगर सहसंयोजक दीपक साहू, पारस नाथ मिश्रा, अनूप कुमार,दीपक ठाकुर , पिंटू ठाकुर,एवं अन्य लोग मौजूद थे.
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए