Live Updates

Jharkhand Breaking News: बाबानगरी में शिव बारात के रूट में चारधाम मंदिर की दिखेगी झांकी

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

बाबानगरी में शिव बारात के रूट में चारधाम मंदिर की दिखेगी झांकी

देवघर : कोविड के दो साल बाद देवघर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है. महाशिवरात्रि महोत्सव समिति बाबानगरी में निकलने वाली इस बारात को आकर्षक और यादगार बनाने में जुटी हुई है. सांसद डॉ निशिकांत दुबे की देखरेख में भव्य बारात निकालने की तैयारी चल रही है. शिवरात्रि महोत्सव के अध्यक्ष अभिषेक आनंद झा लगातार बैठक कर तैयारियों की जानकारी ले रहे हैं. अध्यक्ष ने कार्यों के संपादन को लेकर अलग-अलग कमेटी का भी गठन कर दिया है. इस बार चंदन नगर से आये कलाकार बाबानगरी में बारात की रूट लाइन का निरीक्षण कर लाइट लगाने की तैयारी को पूरा कर लिया है. इस बार चंदन नगर के लाइटों के माध्यम से दक्षिणेश्वर मंदिर, चारधाम मंदिर ईगल टावर, चाइना टावर, नेपाल मंदिर, फाउंटेन, बांस की छड़ी से पानी ढोने ओटो नेम प्लेट सहित अलग-अलग तरह के आकर्षक लाइटों की रोशनी से पूरी बाबानगरी चकाचौंध रहेगी. जानकारी के अनुसार, इस बार लाइटों की सजावट पर रोशनी पर 70 लाख से लेकर एक करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं.

चक्रधरपुर के बोड़दा पुल के पास बाइक के धक्के से चार लोग घायल

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चक्रधरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग बोड़दा पुल के समीप तेज रफ्तार बाइक के धक्के से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तत्काल सभी घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया गया. बताया गया कि पटमदा निवासी बबलू मुर्मू और लादेन महतो सामान खरीदने बोड़दा पुल की ओर गए थे. खरीदारी करने के बाद वापस लौटने के दौरान बोड़दा गांव निवासी लक्ष्मण प्रधान और सरिता प्रधान बाइक में सवार होकर चाईबासा की ओर से घर लौट रहे थे. इस दौरान बाइक अनियंत्रित हो गया और पैदल चल रहे बबलू मुर्मू एवं लादेन महतो को धक्का मार दिया. ‌इस दुर्घटना में बाइक सवार समेत चार लोग घायल हो गए. घटना की सूचना पाते ही मजदूर नेता सिकंदर जामुदा घटनास्थल पर पहुंचे1 इसके बाद चक्रधरपुर थाना को सूचित किया. जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.

गढ़वा में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगी पोकलेन समेत अन्य मशीन को जलाया

गढ़वा : धुरकी-चिनिया मार्ग में नक्सलियों ने उत्पात मचाया है. सड़क निर्माण में लगी पोकलेन और अन्य मशीनों को नक्सलियों ने जला दिया. इससे सड़क निर्माण में लगे मजदूर काफी सहमे हैं.

मंत्री बन्ना गुप्ता पहुंचे धनबाद, मौजूदा स्थिति और राहत कार्य की ले रहे जानकारी

धनबाद : जोड़ाफाटक स्थित आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में भीषण अग्नि हादसा में 14 लोगों की मौत और 19 लोगों के घायल समेत पिछले दिनों डॉक्टर दंपती समेत पांच की मौत को लेकर राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता बुधवार को धनबाद पहुंचे. इस दौरान मौजूदा स्थिति और राहत कार्य की जानकारी ले रहे हैं. वहीं, सुबह में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इधर, मृत 14 लोगों का पोस्टमार्टम किया गया.

हजारीबाग में बसों के परमिट और रूट को लेकर आयुक्त ने की बैठक

हजारीबाग : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय क्षेत्रीय परिवहन प्रादेशिक प्राधिकार की बैठक में सामान्य बस सेवा के 110 एवं परमिट नवीकरण के 42 आवेदन पर विचार विमर्श किया गया. वहीं, 11 परमिट की स्वीकृति दी गयी. एक परमिट का नवीनीकरण किया गया है. बाकी सभी आवेदनों पर सात, आठ एवं नौ फरवरी, 2023 को क्षेत्रीय परिवहन प्रादेशिक प्राधिकार की बैठक में विचार होगा. इस बैठक में कोडरमा जिला मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत प्राप्त रूट का अनुमोदन प्राप्त करने के लिए परिवहन विभाग को आवेदन भेजने का निर्णय लिया गया है. एक महीने में दूसरी बार आयुक्त आयुक्त चंद्र किशोर उरांव की अध्यक्षता में हुई बैठक में आरटीए सचिव रवि राज शर्मा, सदस्यों में मंटू यादव, शहनवाज अंसारी सहित चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद एवं बोकारो के यात्री बस ऑनर अन्य मौजूद बड़ी संख्या में मौजूद थे. लंबे समय बाद प्राधिकार की नियमित बैठक के लिए झारखंड प्रदेश बस ओनर एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप कुमार ने आयुक्त के प्रति आभार जताया है. वहीं, कई यात्री बस मालिकों ने भी लंबित परमिट का नवीनीकरण एवं नये परमिट के जारी होने को लेकर प्रसन्नता व्यक्त किया है.

चक्रधरपुर के इतवारी बाजार के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा- चक्रधरपुर मुख्य मार्ग एनएच 75 ई इतवारी बाजार के समीप तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वैन ने स्कूटी सवार को रौंद दिया. जिससे घटनास्थल पर ही स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल के समीप धर्मकांटा गली निवासी 18 वर्षीय कुश विश्वकर्मा रोजाना की तरह बुधवार की सुबह इतवारी बाजार स्थित मोबाइल सेंटर में काम करने गया था. दोपहर करीब दो बजे स्कूटी में सवार होकर खाना खाने के लिए घर आ रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार युवक को रौंद दिया. जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola