अब खुले में नहीं कटेंगे बकरे, रांची में मांस कारोबार पर नया नियम लागू! जानिए निगम का प्लान
रांची में मांस कारोबार पर नया नियम लागू (AI GENERATED)
रांची में 5 दिसंबर से मांस कटाई के लिए कांके स्लॉटर हाउस की नई व्यवस्था लागू होगी. यह पहल शहर में स्वच्छता बढ़ाने और मनमानी रोकने के लिए की जा रही है.
Meat Cutting Rules. रांची में मांस खरीदने और बेचने की व्यवस्था जल्द बदलने वाली है. शहर के मांस दुकानदार अब अपनी दुकानों पर बिना नियमों के मांस नहीं काट पाएंगे. उन्हें बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई के लिए कांके स्थित स्लॉटर हाउस जाना होगा. रांची नगर निगम पांच दिसंबर से इस व्यवस्था का ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी में है. इसके बाद निर्धारित नियमों के तहत ही मांस की कटाई करानी होगी. खास बात यह है कि कांके स्लॉटर हाउस में प्रतिदिन एक हजार बकरा, बकरी और भेड़ काटने की क्षमता है. निगम का दावा है कि इस व्यवस्था से शहर में खुले और अस्वच्छ तरीके से मांस काटने पर रोक लगेगी और लोगों को साफ-सुथरा मांस उपलब्ध हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: अब सिर्फ फुटबॉल नहीं, फिटनेस और मनोरंजन का भी ठिकाना बनेगा मोरहाबादी स्टेडियम, 2.5 करोड़ से बनेगा हाईटेक जिम
पांच दिसंबर से दुकानदारों को मानना होगा नियम
नगर निगम ने स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू करने की तैयारी तेज कर दी है. पांच दिसंबर से प्रस्तावित ट्रायल रन के बाद सभी मांस दुकानदारों को निर्धारित व्यवस्था के तहत यहीं कटाई करानी होगी. निगम इस नियम का सख्ती से पालन कराने की तैयारी में है. इसके लिए निगरानी व्यवस्था भी बनाई जाएगी. स्लॉटर हाउस की क्षमता प्रतिदिन एक हजार बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई करने की है. इससे मांस की कटाई और आपूर्ति की प्रक्रिया को एक व्यवस्थित व्यवस्था के तहत संचालित किया जा सकेगा.
झाड़ियों की कटाई से लेकर मशीनों की मरम्मत तक चल रहा काम
स्लॉटर हाउस को फिर से शुरू करने के लिए परिसर में सफाई अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत घास और झाड़ियों की कटाई, पेड़ों की छंटाई और आसपास के क्षेत्र की विशेष सफाई कराई जा रही है. फर्श और परिसर के अन्य हिस्सों की सफाई हाई प्रेशर वाटर गन से की जा रही है. साथ ही कचरे का नियमित उठाव भी सुनिश्चित किया जा रहा है. दूसरी ओर, स्लॉटर हाउस में लगी आधुनिक मशीनों और उपकरणों की मरम्मत का काम इंजीनियरिंग टीम कर रही है. बिजली व्यवस्था ठीक करने के साथ मुख्य भवन की पेंटिंग और जरूरी सिविल कार्य भी कराए जा रहे हैं.
अस्वच्छ तरीके से मांस काटने और बेचने पर लगेगी रोक
नगर निगम के सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर झा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी की जा रही हैं. स्लॉटर हाउस दोबारा शुरू होने के बाद सभी मांस दुकानदारों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यहीं कटाई करानी होगी. इसके लिए नियमित निगरानी भी की जाएगी. निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से मांस की कटाई और आपूर्ति में स्वच्छता के मानकों का पालन आसान होगा. साथ ही शहर में अस्वच्छ तरीके से मांस काटने और बेचने की गतिविधियों पर भी लगाम लगाई जा सकेगी.
ये भी पढ़ें: Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा आज, इक्कीसों धाम में लगेगा मेला
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
