खराब सड़कों और लेटलतीफी पर CM हेमंत ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी, 2 माह में व्यवस्था सुधारने का निर्देश

अधिकारियों के साथ बैठक करते सीएम हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में लंबित सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर गहरी नाराजगी जताई है. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रमुख लंबित परियोजनाओं को अगले दो माह के भीतर पूरा किया जाए, अन्यथा सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
Hemant Soren, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में लंबित सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर कड़ी नाराजगी जतायी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रमुख लंबित परियोजनाओं को अगले दो माह के भीतर पूरा किया जाये. तय समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी. झारखंड मंत्रालय में बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विभाग की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों, निर्माणाधीन और पूर्ण परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जायेगी. किसी भी परियोजना में निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता से किसी प्रकार के समझौते को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
हर परियोजना की जियो-टैगिंग होगी अनिवार्य
मुख्यमंत्री ने विभाग को सभी सड़क, फ्लाईओवर और पुल परियोजनाओं का अद्यतन डेटाबेस तैयार करने तथा उनकी जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि हर परियोजना की लागत, समयसीमा और प्रगति का पूरा ब्योरा डिजिटल रूप में उपलब्ध रहे, ताकि उसकी नियमित मॉनिटरिंग हो सके. इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और जवाबदेही तय होगी.
सोशल मीडिया और मीडिया की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से लगातार सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं. अधिकारियों को इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और उसका अद्यतन रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया गया.
ये भी पढ़ें: झारखंड के मेडिकल छात्रों के लिए खुशखबरी: रिम्स में अब 180 की जगह इतने सीटों पर होगा नामांकन
गड्ढे, जलजमाव और खराब सड़कों पर तुरंत कार्रवाई करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा ऋतु में सड़कों की स्थिति बिगड़ने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था एवं सड़कों की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाये. साथ ही, संकीर्ण मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कर यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाया जाये.उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कें खराब होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और सड़क गुणवत्ता सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये.
संकीर्ण सड़कों के चौड़ीकरण पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने संकीर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाना जरूरी है. पुल-पुलियों के किनारों को मजबूत करने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये.
लंबित फ्लाईओवर व पुल-पुलिया को पूरा करें
सीएम ने कहा कि राज्य में कई सड़क, फ्लाईओवर एवं पुल-पुलिया परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है. सीएम ने राजधानी रांची सहित अन्य क्षेत्रों की लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ प्रमुख परियोजनाओं को आगामी दो माह के भीतर पूरा किया जाये, अन्यथा संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
सोलर साइकिल ट्रैक पर काम हो
मुख्यमंत्री ने सोलर साइकिल ट्रैक एवं अन्य नवीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, मजबूती एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया. अन्य नयी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समय पर पूरे होने चाहिए. बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: ब्रेकिंग न्यूज : रांची के हाईटेक बिल्डर्स पानस रियल्टर्स और दयानंद मोदी ग्रुप के ठिकानों पर आयकर की रेड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










