रांची के बकरी बाजार में सजेगा बृहदेश्वर मंदिर, 11 अक्तूबर से शुरू होगा शारदीय नवरात्र
रांची में 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र का आगाज़ हो रहा है. भारतीय युवक संघ ने बकरी बाजार में भव्य दुर्गोत्सव की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं. इस बार पूजा पंडाल में तमिलनाडु के तंजावुर स्थित बृहदेश्वर मंदिर का स्वरूप देखने को मिलेगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा.
रांची. शारदीय नवरात्र इस वर्ष 11 अक्तूबर से शुरू होगा. इसे लेकर भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार की ओर से दुर्गोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. इस बार पूजा पंडाल में तमिलनाडु के तंजावुर जिले में स्थित भगवान शिव को समर्पित बृहदेश्वर मंदिर का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा. पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होगा.
भारतीय युवक संघ वर्ष 1958 से विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है. संघ के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष भगवान विष्णु के कंबोडिया स्थित अंकोरवाट मंदिर का प्रारूप पंडाल के रूप में तैयार किया गया था. इस वर्ष बृहदेश्वर मंदिर की प्रतिकृति तैयार की जा रही है. पंडाल के बाहर नंदी जी की प्रतिमा भी स्थापित की जायेगी.
प्राकृतिक सामग्री से तैयार होगा पंडाल
राहुल अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष भी पंडाल का निर्माण पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री से कराया जायेगा. पंडाल का प्रारूप तैयार करने की जिम्मेदारी बंगाल के कलाकार पार्वती डेकोरेटर्स के अशोक दा को दी गयी है. वहीं मूर्ति निर्माण बंगाल के अनूप दा करेंगे.
आयोजन में मूर्ति निर्माण पर करीब पांच लाख रुपये, पंडाल निर्माण पर करीब 80 लाख रुपये और मेला, लाइट, पूजा-अर्चना सहित अन्य मदों में करीब 15 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है.
एक हजार साल से अधिक पुराना है बृहदेश्वर मंदिर
बृहदेश्वर मंदिर को पेरुवुदैयार कोविल के नाम से भी जाना जाता है. तमिलनाडु के तंजावुर में स्थित यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल ग्रेट लिविंग चोला टेम्पल्स का हिस्सा है. मंदिर का निर्माण चोल सम्राट राजा प्रथम ने 1003 से 1010 ईस्वी के बीच कराया था.
यह एक हजार वर्ष से अधिक पुराना मंदिर है और द्रविड़ स्थापत्य शैली का प्रमुख उदाहरण माना जाता है. मंदिर का मुख्य शिखर करीब 66 मीटर ऊंचा बताया जाता है. इसके शीर्ष पर करीब 80 टन वजनी कुंभम स्थापित है. मंदिर का निर्माण ग्रेनाइट पत्थरों से किया गया है.
पूजा समिति के पदाधिकारी
संरक्षक रमेश खेमका, विनोद छापड़िया, सुरेश चौधरी और निर्मल जालान हैं. अध्यक्ष राहुल अग्रवाल, उपाध्यक्ष मुकेश जालान, अमर पोद्दार, रमेश अग्रवाल, अरविंद चौधरी और मदन बगड़िया हैं. सचिव रवि रोहत्गी, सह सचिव कमल जालान, पवन जालान, अमित सोनी, विकास अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, मनीषा अडुकिया और सिद्धांत तोदी हैं.
कोषाध्यक्ष सत्येंद्र जालान, सह कोषाध्यक्ष संजय चौधरी और ललित सोडाणी हैं. प्रवक्ता अमित बजाज तथा सह प्रवक्ता दीपक गोयंका, सौरभ चौधरी और दीपक चौधरी हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए