आदिवासी एकता महाजुटान के मंच से बंधु तिर्की का हुंकार, बोले- यह सीटों की नहीं, संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई

Updated:
विज्ञापन

रांची में आदिवासी एकता महाजुटान के नेतृत्वकर्ता बंधु तिर्की. फोटो: प्रभात खबर

रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान में परिसीमन और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे पर जोरदार आवाज उठी. पूर्व विधायक बंधु तिर्की और कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए.

विज्ञापन


आपके शहर में

विज्ञापन

रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट

Ranchi Adiwasi Mahajutan: झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान में परिसीमन, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठा. पूर्व विधायक बंधु तिर्की और झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया.

झारखंडी ताने-बाने को कमजोर करने की कोशिश

पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने कहा कि यह लड़ाई केवल लोकसभा और विधानसभा सीटों को बचाने की नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के संवैधानिक और राजनीतिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की पहचान और सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.

झारखंड को 'नागपुर' बनाने का प्रयास

उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें झारखंड को "नागपुर" बनाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन यह भगवान बिरसा मुंडा और वीर बुधु भगत की धरती है. उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर गांव-गांव में लोगों को लड़ाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हो रही है. सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में विभिन्न जाति और समुदाय के लोग वर्षों से सहिया, कर्म और सामाजिक रिश्तों के साथ मिलकर रहते आए हैं.

जनसंख्या के आधार पर अधिकार घटाने की कोशिश

परिसीमन के मुद्दे पर बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केवल जनसंख्या को आधार बनाकर झारखंड में आदिवासियों की राजनीतिक हिस्सेदारी घटाने की कोशिश की गई, तो इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पांचवीं अनुसूची के तहत मिले अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास सफल नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने पेसा कानून, मनरेगा और आदिवासी हितों से जुड़े प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को संगठित रहना होगा.

मंच से सुनाया गया राहुल गांधी का संदेश

झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा आदिवासियों को "वनवासी" कहती है, जबकि राहुल गांधी हमेशा उन्हें मूलवासी और आदिवासी मानते हुए जल, जंगल और जमीन पर उनका अधिकार स्वीकार करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आदिवासी अधिकारों की लड़ाई में लगातार साथ रहे हैं और ओडिशा में आदिवासियों के धार्मिक स्थल की रक्षा के आंदोलन में भी शामिल हुए थे. के. राजू ने बताया कि रैली से पहले उनकी राहुल गांधी से बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने परिसीमन को लेकर आदिवासी समाज की चिंता का संदेश भेजा.

इसे भी पढ़ें: परिसीमन के विरोध में रांची के मोरहाबादी में जुटे 1 लाख लोग, आदिवासी महाजुटान में गूंजी एकता की आवाज

आदिवासी सीटें घटाना चाहती है भाजपा

के. राजू ने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए आदिवासी सीटें कम करना चाहती है, ताकि बाद में उनके खिलाफ कानून लाए जा सकें. उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार द्वारा आदिवासी हितों के लिए बनाए गए कई कानूनों को भाजपा ने संशोधनों के जरिए कमजोर किया है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक एकजुटता और जनसंघर्ष की जरूरत है.

इसे भी पढ़ें: रांची के आदिवासी महाजुटान में नहीं पहुंचे CM हेमंत सोरेन, प्रतिनिधि के तौर पर JMM विधायक विकास मुंडा को भेजा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola