ePaper

रांची : 6200 करोड़ से किसानों का दिल जीतने में जुटी है रघुवर सरकार

Updated at : 28 Jun 2019 6:04 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : 6200 करोड़ से किसानों का दिल जीतने में जुटी है रघुवर सरकार

सतीश कुमार 35 लाख किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने की तैयारी रांची : झारखंड में होनेवाले विधानसभा चुनाव से पहले रघुवर सरकार किसानों का दिल जीतने में जुट गयी है. केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के तहत राज्य के 35 लाख किसानों पर लगभग 6200 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना पर काम […]

विज्ञापन
सतीश कुमार
35 लाख किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने की तैयारी
रांची : झारखंड में होनेवाले विधानसभा चुनाव से पहले रघुवर सरकार किसानों का दिल जीतने में जुट गयी है. केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के तहत राज्य के 35 लाख किसानों पर लगभग 6200 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है.
अक्तूबर तक किसानों के खाते में राशि डालने की योजना पर काम चल रहा है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत इसी माह राज्य के पांच लाख किसानों को दो-दो हजार रुपये की पहली किस्त का भुगतान भी कर दिया गया है. जुलाई में दूसरी किस्त के दो-दो हजार रुपये भुगतान करने की योजना बनायी गयी है. वहीं, तीसरी किस्त अक्तूबर में दी जानी है.
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसको लेकर राज्य के सभी उपायुक्तों को किसानों के डाटा इंट्री का काम जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया है, ताकि किसानों को समय पर योजना की राशि का भुगतान किया जा सके.
मालूम हो कि इस योजना के तहत किसानों को एक साल में छह हजार रुपये का भुगतान किया जाना है. 35 लाख किसानों के बीच राशि का वितरण किया जाना है. अगर इस योजना के तहत भुगतान की जानेवाली राशि की गणना की जाये, तो यह लगभग 2100 करोड़ रुपये होगी.
इसी प्रकार सरकार ने किसानों के बीच खाद आदि की खरीद के लिए मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की शुरुआत की है. इसके तहत किसानों को पांच से 25 हजार रुपये सालाना राशि का भुगतान करना है. इस योजना के तहत राज्य सरकार किसानों के बीच लगभग 3500 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी. किसानों के रजिस्ट्रेशन का काम पूरा होने के बाद योजना की राशि किसानों के खाते में डालने की योजना है.
पिछले वर्ष सुखाड़ की वजह से किसानों के बीच मुआवजे के तौर पर लगभग 380 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है. इसमें से लगभग 290 करोड़ की राशि केंद्र सरकार देगी. वहीं राज्य सरकार लगभग 90 करोड़ देगी. इसके अलावा पिछले साल फसल बीमा करानेवाले किसानों के बीच लगभग 150 करोड़ रुपये का भुगतान करना है.
वहीं इस बार भी फसल बीमा के प्रीमियम की राशि का भुगतान खुद करेगी. किसानों द्वारा फसल बीमा कराने पर सरकार लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इन योजनाओं के तहत सरकार की नजर किसानों के वोट बैंक पर है. वो इस वोट बैंक को बिखरने नहीं देना चाहती है. इस वजह से प्रयास किया जा रहा है कि चुनाव से पहले किसानों के खाते में राशि चली जाये, ताकि उनका विश्वास सरकार के प्रति बढ़े.
किन योजनाओं पर कितनी राशि होगी खर्च
प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत 2100 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत 3500 करोड़ रुपये
सुखाड़ के मुआवजा के तौर पर 380 करोड़ रुपये
फसल बीमा व प्रीमियम पर 150-150 करोड़
कई विभागों के बजट से ज्यादा राशि होगी खर्च
झारखंड सरकार के 2019-20 के बजट में किसी विभाग के योजना बजट में 6000 करोड़ या उससे अधिक की राशि का प्रावधान नहीं है. पेयजल विभाग का बजट 2369 करोड़, ग्रामीण विकास का बजट 5917 करोड़, ऊर्जा विभाग में 4526 करोड़, पथ निर्माण विभाग का बजट 4700 करोड़ और आरइओ का बजट 3925 करोड़ रुपये का है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola