रांची़ : रांची नगर निगम के चुनाव में खड़े भाजपा के मेयर व डिप्टी मेयर प्रत्याशी ने बड़ी जीत दर्ज की है, लेकिन पार्टी से जुड़े एक दर्जन से अधिक पार्षद पद के प्रत्याशी अपनी साख नहीं बचा पाये. कई वार्ड में भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच ही मुकाबला हुआ. वार्ड 31 में भाजपा के अशोक यादव ने भाजपा के ही कार्यकर्ता नीरज कुमार को पराजित किया. अशोक यादव को 2948 व नीरज कुमार को 1823 मत मिला. इसी प्रकार वार्ड 26 में अरुण झा ने भाजपा के प्रदीप कुमार को पराजित किया.
अरुण को 3282 व प्रदीप कुमार को 2622 मत मिले. वार्ड 27 से ओम प्रकाश ने जीत दर्ज की. वार्ड 31 में सुखदेवनगर मंडल के अध्यक्ष सुबेश पांडेय ने अपनी पत्नी रिमझिम पांडेय, रांची महानगर के मीडिया प्रभारी मुकेश सिंह ने अपनी पत्नी ज्योति सिंह, मंत्री बैजू सोनी ने अपनी पत्नी अर्चना सोनी को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन सभी को हार का मुंह देखना पड़ा. वार्ड 21 में भाजपा रांची महानगर के महामंत्री केके गुप्ता व अजय जायसवाल चुनाव मैदान में खड़े थे,
लेकिन यह भी जीतने में सफल नहीं हो पाये. हालांकि, पार्षद पद का चुनाव दलगत आधार पर नहीं हुआ था. भाजपा के सभी प्रत्याशी अपने दम पर चुनाव लड़े. वार्ड 25 में हरमू मंडल के अध्यक्ष गोपाल सोनी और ओबीसी मोर्चा के महामंत्री इंद्रजीत यादव के अलावा वार्ड 10 में खड़े जय प्रकाश भल्ला व राजेश गुप्ता भी चुनाव नहीं जीत पाये. इनके अलावा भाजपा रांची महानगर महिला मोर्चा की अनिता वर्मा व भाजपा एसटी मोर्चा की सुलेन गाड़ी भी चुनाव नहीं जीत पायीं.