19 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

रांची नगर निगम चुनाव :सीपी, चंद्रवंशी, नीलकंठ व नीरा का असर, पालिवार व मरांडी पड़े कमजोर

नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने-अपने मंत्रियों से भी खूब मेहनत करायी. चार मंत्रियों के क्षेत्र में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया, वहीं दो मंत्रियों के क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी नहीं जीत पाये. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने अपने क्षेत्र में पड़नेवाले रांची नगर निगम में मतदाताओं […]

नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने-अपने मंत्रियों से भी खूब मेहनत करायी. चार मंत्रियों के क्षेत्र में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया, वहीं दो मंत्रियों के क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी नहीं जीत पाये. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने अपने क्षेत्र में पड़नेवाले रांची नगर निगम में मतदाताओं के पास जाकर मेयर और डिप्टी मेयर के लिए वोट मांगा था.
प्रचार के अन्य माध्यमों का सहारा भी भाजपा प्रत्याशियों के लिए लिया था. इसका असर भी दिखा. रांची की दोनों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीत गये. मेयर सीट पर आशा लकड़ा और डिप्टी मेयर सीट पर संजीव विजयवर्गीय ने भारी मतों से जीत दर्ज की. इसी तरह की स्थिति स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के इलाके में रही. मेदिनीनगर नगर निगम की दोनों सीटें भाजपा जीत गयी.
मेयर में अरुणा शंकर और डिप्टी मेयर में राकेश सिंह जीत गये. दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में श्री चंद्रवंशी ने पलामू में कैंप कर चुनावी रणनीति को अंजाम दिया. वहां चुनाव काफी रोचक भी हो गया था. सरकार के एक ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा का असर भी उनके क्षेत्र में दिखा. खूंटी नगर पंचायत के दोनों सीट पर भाजपा प्रत्याशी जीत गये. अध्यक्ष के सीट पर अर्जुन पाहन और उपाध्यक्ष के सीट पर राखी कश्यप जीत गयी. अपने प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए मंत्री ने लगातार इलाके में कैंप कर रखा था. उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा. झुमरी तिलैया नगर परिषद में भाजपा प्रत्याशी जीत गये. यह क्षेत्र शिक्षा मंत्री नीरा यादव का है. उपाध्यक्ष के लिए वहां चुनाव नहीं हुआ.
संताल परगना में भाजपा का प्रदर्शन मिलाजुला रहा. राज्य के श्रम मंत्री राज पालिवार वाले मधुपुर नगर परिषद चुनाव में भाजपा दोनों सीटें हार गयीं. वहां दोनों सीटें झारखंड मुक्ति मोर्चा की झोली में गयी. अध्यक्ष पद पर लतिका मुर्मू और उपाध्यक्ष पद पर झामुमो के ही जियाउल हक जीत गये. दुमका से आनेवाली कल्याण मंत्री लुईस मरांडी के क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत नहीं दर्ज की. वहां निर्दलीय प्रत्याशी जीत गये. श्रीमती मरांडी के नेतृत्व में वहां पार्टी ने कई कार्यक्रम भी किये थे.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें

ऐप पर पढें