Ranchi में ट्रैफिक नियम तोड़े तो खैर नहीं, ब्लैक शीशे और फैंसी नंबर प्लेट पर होगी कार्रवाई
ब्लैक शीशे और फैंसी नंबर प्लेट पर होगी कार्रवाई
रांची ट्रैफिक पुलिस ने त्योहारों और क्रिकेट मैचों को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है. नियम तोड़ने वालों पर अब सख्ती बरती जाएगी, जिसमें ब्लैक शीशे और फैंसी नंबर प्लेट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
Traffic Rules Ranchi: शहर में त्योहारों और अक्तूबर में होने वाले क्रिकेट मैच को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है. शुक्रवार को ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जाम से निबटने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करने का फैसला लिया गया.
बैठक में दोनों ट्रैफिक डीएसपी, सभी यातायात थाना प्रभारी और यातायात परिचारी शामिल हुए. गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए अधिकारियों को अभी से कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया. अक्तूबर में होने वाले क्रिकेट मैच के दौरान भी शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है. ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना का सख्ती से पालन कराने को कहा गया.

ये भी पढ़ें- फर्जी GST और अवैध कोयला कारोबार पर झारखंड में सख्ती, वित्त मंत्री बोले- केंद्र की नीतियों से 22,000 करोड़ नुकसान
ब्लैक शीशे और फैंसी नंबर प्लेट पर होगी कार्रवाई
वाहनों में ब्लैक शीशा, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी. रेस ड्राइविंग, नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी ट्रैफिक पुलिस सख्ती करेगी. नंबर प्लेट पर टेप चिपकाने या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा.
ऑटो-टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म जरूरी
ऑटो और टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य रहेगा. ट्रैफिक पोस्ट के पास लेफ्ट फ्री मार्ग में वाहन खड़ा करने और चौक-चौराहों पर ऑटो-टोटो लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी. इससे जाम की समस्या को कम करने की कोशिश की जाएगी.
ये भी पढ़ें- JSSC CGL मामले में CID की कार्रवाई, कोडरमा में दो जगह छापेमारी; 2 लोगों को साथ ले गई टीम
सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया जाएगा
सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान और ठेला लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम के सहयोग से सड़क किनारे लगे अवैध दुकानों और ठेलों को हटाने का अभियान चलाया जायेगा. अधिकारियों को यातायात व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया.
स्कूल टाइम और जलजमाव पर विशेष निगरानी
स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. बारिश के दौरान जलजमाव या किसी अन्य कारण से जाम लगने पर संबंधित थाना प्रभारी खुद क्षेत्र में भ्रमण करेंगे. क्यूआरटी और अभियान टीम की मदद से जाम वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई कर यातायात सामान्य कराया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए