रामगढ़: उरीमारी खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इनमौसा ने जतायी चिंता, प्रबंधन ने दिया समाधान का भरोसा
रामगढ़: उरीमारी खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इनमौसा ने जतायी चिंता
उरीमारी वेस वर्कशॉप में प्रबंधन और इनमौसा के पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में खदान की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की पदोन्नति और पर्यवेक्षकों की कमी जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
उरीमारी: उरीमारी वेस वर्कशॉप के समीप प्रबंधन की ओर से इनमौसा के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी. बैठक में खदान की सुरक्षा व्यवस्था समेत कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
आपके शहर में
बैठक के दौरान खनन कार्य में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर विचार-विमर्श किया गया. इनमौसा उरीमारी के अध्यक्ष अमित कुमार राय ने खदान में खनन पर्यवेक्षकों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.
उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षकों की कमी के कारण खदान में कार्यरत कर्मियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी पड़ रही है. इसका सीधा असर खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ सकता है. उन्होंने पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षकों की तैनाती की आवश्यकता जतायी.
अमित कुमार राय ने कर्मचारियों की समय पर पदोन्नति नहीं होने की समस्या को भी प्रबंधन के समक्ष रखा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समय पर समाधान होने से कार्यस्थल पर बेहतर माहौल के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी.
उरीमारी खान प्रबंधक ने यूनियन पदाधिकारियों की ओर से उठाये गये सभी मुद्दों को गंभीरता से लिया और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि खदान में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाये जायेंगे.
बैठक में इनमौसा उरीमारी के सचिव श्रवण कुमार, संगठन सचिव रितेश पाल, कोषाध्यक्ष महेश प्रसाद मेहता, गणेश राम, विनोद, आशीष, कुलदीप, संदीप सिंह, रतनदीप सरकार, रणजीत मिश्रा, राजेश सिंह और रमेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए