रामगढ़: नशा, साइबर फ्रॉड और POCSO पर जागरूक हुए विद्यार्थी, पुलिस ने बताए बचाव के उपाय
जागरूकता सत्र को संबोधित करते कॉपी प्रभारी दीपक कुमार | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ के डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय में पुलिस ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, पोक्सो एक्ट और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
घाटोटांड. वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय परिसर में मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय थाना प्रभारी दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन, पोक्सो अधिनियम, साइबर अपराध और आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के संबंध में जानकारी दी.
थाना प्रभारी ने "नशे से दूरी, जिंदगी है जरूरी" विषय पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर करने के साथ तनाव, पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी और अपराध की ओर धकेल सकता है. इसका विद्यार्थियों की पढाई, भविष्य और करियर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है.
उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन से स्वस्थ शरीर और प्रसन्न मन मिलता है. इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकते हैं. थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की.
कार्यक्रम में नशे के खिलाफ कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गयी. थाना प्रभारी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई का प्रावधान है. इसके अलावा पोक्सो अधिनियम और साइबर अपराध से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया.
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग किया जा सकता है. साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने की अपील की गयी, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए थाना प्रभारी के प्रति आभार जताया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और सुरक्षित एवं जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए