पतरातू में पीवीयूएनएल प्रबंधन और श्रमिक यूनियन की बैठक, 8 सितंबर का धरना स्थगित
पतरातू पीवीयूएनएल में प्रबंधन और श्रमिक यूनियन के बीच हुई वार्ता के बाद 8 सितंबर को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
पतरातू, रामगढ़ : पीवीयूएनएल में कार्यरत श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को प्रबंधन और श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त बैठक हुई. इसमें श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. वार्ता के बाद 8 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया.
बैठक में यूनियन की ओर से अध्यक्ष अनिकेत कुमार, केंद्रीय सचिव विनोद कुमार सिन्हा और उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार शामिल हुए. वहीं प्रबंधन की ओर से डीजीएम (एचआर) नवीन साहू और डिप्टी मैनेजर (एचआर) अर्पित पांडेय मौजूद थे.
ईएसआईसी और श्रमिक सुविधाओं का उठा मुद्दा
यूनियन ने पतरातू में ईएसआईसी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और सभी श्रमिकों को इसका लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया. इस पर प्रबंधन ने संबंधित ठेकेदारों से श्रमिकों का विवरण, ईएसआईसी संबंधी जानकारी और अंशदान की स्थिति को लेकर अनुपालन रिपोर्ट लेने पर सहमति जतायी.
इसके अलावा होली, ईद-उल-फितर, जन्माष्टमी, क्रिसमस और दशहरा जैसे सार्वजनिक अवकाशों के बदले अवकाश अथवा मौद्रिक क्षतिपूर्ति नहीं मिलने का मामला भी उठाया गया. श्रमिकों ने राख और धूल भरे वातावरण में काम करने के लिए डस्ट अलाउंस देने की मांग की.
हाइट अलाउंस और उच्च वेतन श्रेणी की मांग
मशीनों के संचालन के लिए ऊंचाई पर बनी सीढ़ियों से चढ़कर काम करने वाले श्रमिकों के लिए हाइट अलाउंस, उचित सुरक्षा उपकरण और कानूनी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गयी. लंबे समय से कार्यरत श्रमिकों की कौशल समीक्षा कर उन्हें उच्च वेतन श्रेणी के पदों पर अपनी योग्यता साबित करने का अवसर देने की मांग भी रखी गयी.
वार्ता के दौरान प्रबंधन की ओर से विभिन्न बिंदुओं पर लिखित जवाब और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. इसके बाद 8 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित करने पर सहमति बनी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए