रामगढ़ प्रेस क्लब चुनाव: 204 मतदाता करेंगे 32 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला, मतदान आज
प्रेस क्लब चुनाव के लिए तैयार किया गया मतदान टेबल. | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ प्रेस क्लब सत्र 2026-28 के लिए आज मतदान हो रहा है। 32 उम्मीदवार 15 पदों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जानें चुनाव से जुड़ी पूरी जानकारी।
रामगढ़ : प्रेस क्लब रामगढ़ सत्र 2026-28 के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान होगा. रामगढ़ प्रेस क्लब परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान कराया जायेगा. चुनाव पदाधिकारी सह रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी. 15 पदों के लिए 204 पत्रकार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान के लिए प्रेस क्लब परिसर में 12 काउंटर बनाये गये हैं. दोपहर एक बजे तक मतदान परिसर में प्रवेश कर कतार में लगने वाले सभी मतदाताओं को वोट देने का मौका मिलेगा.
अध्यक्ष पद पर बीरू और धनेश्वर आमने-सामने
अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष विरेंद्र कुमार बीरू और निवर्तमान सचिव धनेश्वर प्रसाद चुनाव मैदान में हैं. दोनों प्रत्याशी पिछले एक माह से प्रचार-प्रसार और समर्थकों को गोलबंद करने में जुटे हैं.
सचिव पद पर धर्मेंद्र पटेल और दुर्गेशनंदन में मुकाबला
सचिव पद के लिए धर्मेंद्र पटेल और दुर्गेशनंदन तिवारी आमने-सामने हैं. धर्मेंद्र पटेल पिछला चुनाव भी सचिव पद के लिए लड़ चुके हैं और कम मतों के अंतर से हार गये थे. इस बार उनका मुकाबला पहली बार चुनाव लड़ रहे दुर्गेशनंदन तिवारी से है.
कोषाध्यक्ष पद के लिए भी सीधा मुकाबला
कोषाध्यक्ष पद पर दुर्वेज आलम और उत्तम कुमार के बीच मुकाबला है. दुर्वेज आलम पिछली कमिटी में कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और इस बार फिर मैदान में हैं. वहीं उत्तम कुमार पहली बार कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.
उपाध्यक्ष व संयुक्त सचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
उपाध्यक्ष पद के लिए प्रदीप कुमार बबलू और दिनेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला है. संयुक्त सचिव पद के लिए राजीव कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह और उमेश सिन्हा मैदान में हैं.
कार्यकारिणी के 10 पदों के लिए 21 उम्मीदवार
कार्यकारिणी सदस्य के 10 पदों के लिए 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इनमें एहशान मंजर, अजय कुमार महतो, अमित पाठक, अंजनी जायसवाल, अशफाक अहमद, अयुब अंसारी, बिनोद कुमार सिंह, दीपक कुमार, हीरा सिंह, कृष्ण कुमार, नीरज कुमार, रितेश कुमार, सनाउल्लाह, संजय नायक, सत्येंद्र पाठक, सतीश बहादुर सिंह, शंकर कुमार देवधरिया, शिवशंकर तिवारी, श्याम कुमार ठाकुर, सुरेंद्र कुमार पासवान और सुरेंद्र सिंह शामिल हैं.
एक माह से चल रहा था प्रचार
प्रेस क्लब रामगढ़ सत्र 2026-28 का चुनाव पत्रकारों के बीच चर्चा में है. प्रेस क्लब के पदाधिकारियों का यह तीसरा चुनाव है. पिछले दो चुनावों की तुलना में इस बार अधिक गहमागहमी देखने को मिली. सभी पदों के प्रत्याशी पिछले एक माह से पत्रकारों के बीच संपर्क और बैठक कर समर्थन जुटाने में लगे रहे. सोशल मीडिया के जरिये भी प्रचार किया गया. प्रत्याशियों ने चुनाव जीतने के बाद प्रेस क्लब के लिए किये जाने वाले कार्यों को लेकर घोषणा पत्र भी जारी किया. पत्रकारों के सामाजिक, आर्थिक और कल्याणकारी विकास से जुड़े कई वादे किये गये हैं.
मतदान के बाद होगी मतगणना
चुनाव पदाधिकारी सह रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से एक दंडाधिकारी और चार सदस्यीय कमिटी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करायेगी. सभी मतदाताओं को बैलेट पेपर दिया जायेगा, जिस पर पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मुहर लगाकर मतदान करना होगा. चुनाव को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मतदान समाप्त होने के बाद मतों की गिनती की जायेगी और परिणाम की घोषणा तत्काल की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए