रामगढ़: टरबाइन ब्लास्ट में तीन मौतों के बाद बड़ा समझौता, परिजनों को 31-31 लाख मुआवजा

Updated:
विज्ञापन

रामगढ़: टरबाइन ब्लास्ट में तीन मौतों के बाद बड़ा समझौता

रामगढ़ के हेहल स्थित सीमेंट फैक्ट्री में टरबाइन ब्लास्ट से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई. 26 घंटे बाद फैक्ट्री प्रबंधन और मृतकों के परिजनों के बीच 31-31 लाख रुपये मुआवजे की राशि पर समझौता हुआ. इसके बाद सड़क जाम हटाया गया और मृतकों के शव परिजनों को सौंपे गए.

विज्ञापन

रामगढ़: रामगढ़ के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्मस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में टरबाइन ब्लास्ट हादसे के करीब 26 घंटे बाद शनिवार देर रात मुआवजे को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन और मृतकों के परिजनों के बीच सहमति बनी. समझौते के तहत मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का चेक और अंतिम संस्कार के लिए एक-एक लाख रुपये नगद दिये गये. यानी प्रत्येक परिवार को कुल 31 लाख रुपये की मुआवजा राशि मिली.

आपके शहर में

विज्ञापन

मुआवजे को लेकर सहमति शनिवार रात करीब 12.45 बजे बनी. इसके बाद करीब आठ घंटे से लगा सड़क जाम रात लगभग 1.30 बजे हटा लिया गया. समझौते के बाद रविवार तड़के करीब तीन बजे फैक्ट्री प्रबंधन ने विधायक रोशन लाल चौधरी के माध्यम से मृतकों के परिजनों को चेक और नगद राशि सौंपी.

मुआवजा मिलने के बाद पुलिस ने संजीव केसरी और विनीत कुमार महतो के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा. वहीं अभिषेक पांडेय का पोस्टमार्टम शनिवार को ही रिम्स रांची में हो चुका था. समझौते के तहत मुआवजा मिलने के बाद अभिषेक के परिजन शव लेकर अपने पैतृक आवास नगर उंटारी के लिए रवाना हो गये.

16 घंटे तक फैक्ट्री गेट पर डटे रहे विधायक

हादसे की गंभीरता को देखते हुए विधायक रोशन लाल चौधरी शनिवार सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री गेट पहुंचे थे. मुआवजे पर सहमति बनने तक वह करीब 16 घंटे फैक्ट्री गेट पर डटे रहे. समझौता होने और सड़क जाम हटने के बाद पुलिस-प्रशासन ने भी राहत की सांस ली.

टरबाइन ब्लास्ट में तीन की हुई थी मौत

ज्ञात हो कि शुक्रवार रात करीब 11.10 बजे फैक्ट्री में टरबाइन ब्लास्ट की घटना हुई थी. हादसे में फैक्ट्री में कार्यरत शिफ्ट इंचार्ज संजीव केसरी, इंजीनियर विनीत कुमार महतो और अभिषेक पांडेय की मौत हो गयी थी. वहीं कार्य में लगे इंजीनियर तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल हो गये थे. उनका इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बावला, आजसू जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी, कुश श्रीवास्तव, जेएलकेएम के रवि महतो, गिरीशंकर महतो, अनवर हुसैन, पवन प्रकाश, अयूब अंसारी, आनंद केटीआर, अबु हसन, अनवर राही, दिनेश्वर महतो, मुमताज अंसारी समेत कई लोग मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola