रामगढ़: 30 हाथियों ने मुरपा में मचाया तांडव, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी; लाखों की फसल बर्बाद
रामगढ़: 30 हाथियों ने मुरपा में मचाया तांडव
गोला के मुरमुटा जंगल से आए करीब 30 जंगली हाथियों के झुंड ने मुरपा गांव में जमकर उत्पात मचाया. रात के अंधेरे में फसलों को रौंदकर किसानों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया है. वन विभाग से मुआवजे की मांग की गई है.
गोला: गोला वन क्षेत्र के मुरमुटा जंगल की ओर से पहुंचे करीब 30 जंगली हाथियों के झुंड ने मुरपा गांव में जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने रात के अंधेरे में खेतों में लगी मकई, धान, बादाम समेत कई फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया. हाथियों के झुंड के उत्पात से किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.
आपके शहर में
बताया गया कि हाथियों का झुंड रात करीब तीन बजे मुरपा गांव में पहुंचा. इसके बाद हाथियों ने खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया. करीब दो घंटे तक हाथियों का झुंड गांव और आसपास के खेतों में घूमता रहा. सुबह करीब पांच बजे हाथी वापस मुरमुटा जंगल की ओर चले गये.
इन किसानों की फसलें हुईं बर्बाद
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने संतोष महतो की मकई, बादाम और धान की फसल को नुकसान पहुंचाया. वहीं लखन लाल महतो की गन्ना और धान की फसल बर्बाद हुई. विश्वनाथ गुप्ता, वीरेंद्र महतो और बबलू साव की मकई की फसल भी हाथियों ने रौंद दी.
इसके अलावा बबलू साव की धान और बादाम, पारसनाथ बेदिया की धान, पंकज बेदिया की धान व बादाम तथा चंडी महतो की शकरकंद और मकई की फसल को भी नुकसान पहुंचा है.
विमल महतो की शकरकंद तथा केदार साव, रतन साव, संजय साव, महाबीर साव और शंकर साव की धान की फसल भी हाथियों के झुंड ने बर्बाद कर दी. ग्रामीणों के अनुसार कई अन्य किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं.
मुआवजे की मांग, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
हाथियों के उत्पात से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. बंदा पंचायत की समिति सदस्य तिजोबाला देवी ने वन विभाग से प्रभावित किसानों की फसलों का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने लोगों से हाथियों के झुंड के करीब नहीं जाने और जान-माल की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए