हजारीबाग में शिक्षा विभाग का हाल, एक अधिकारी संभाल रहा 16 प्रखंडों का जिम्मा
हजारीबाग जिले में अधिकारियों की भारी कमी है. 16 प्रखंडों की शिक्षा व्यवस्था केवल दो बीइइओ के भरोसे चल रही है, जिससे विभागीय कामकाज और जांच प्रभावित हो रही है.
गिद्दी. हजारीबाग जिले की शिक्षा व्यवस्था इन दिनों अधिकारियों की कमी से प्रभावित है. जिले के 16 प्रखंडों की शिक्षा व्यवस्था की निगरानी महज दो प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीइइओ) के भरोसे है. राकेश कुमार बरकट्ठा में बीइइओ के पद पर पदस्थापित हैं, लेकिन उन्हें बरकट्ठा समेत 15 प्रखंडों की जिम्मेदारी दी गयी है. वहीं विजय राम कटकमसांडी के बीइइओ हैं और फिलहाल उन्हें कटकमसांडी की ही जिम्मेदारी मिली है. एक अधिकारी के जिम्मे 15 प्रखंड होने से विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, विभागीय योजनाओं की समीक्षा और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी प्रभावित हो रही है. बीइइओ राकेश कुमार ने बताया कि पूरे प्रदेश में बीइइओ की संख्या करीब 43 है और आने वाले एक-दो वर्षों में संख्या और घटने की संभावना है. ऐसे में विपरीत परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
जांच भी अतिरिक्त प्रभार में उलझी
डाड़ी प्रखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रबोध में पहली और दूसरी कक्षा के 16 बच्चों को अब तक स्कूली पोशाक नहीं मिली है. पोशाक की राशि लैप्स हो जाने की बात सामने आयी है. मामले में जिला अधीक्षक ने करीब एक माह पहले जांच का आदेश दिया था और कमेटी भी गठित की गयी. इसमें अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी और बीइइओ को शामिल किया गया है. लेकिन एक माह बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी है. अधिकारियों की कमी के कारण जांच और विभागीय निगरानी की गति पर सवाल उठ रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए