झारखंड के प्रमोद पाठक को महागुरु मार्शल आर्ट अवार्ड, राष्ट्रीय स्तर पर जीत चुके हैं 55+ पदक
प्रमोद पाठक | Prabhat Khabar Network
अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षक प्रमोद पाठक को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए महागुरु मार्शल आर्ट अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। खेल जगत में खुशी की लहर।
पतरातू. एचआरके खेलो भारत फाउंडेशन सह मार्शल आर्ट्स फेडरेशन, दिल्ली की ओर से पतरातू प्रखंड के रसदा निवासी अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षक सिहान प्रमोद कुमार पाठक को महागुरु मार्शल आर्ट अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है. उन्हें यह सम्मान मार्शल आर्ट के क्षेत्र में लंबे योगदान और इस खेल को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया है. सम्मान मिलने के बाद खेल जगत, उनके शिक्षकों, प्रशिक्षकों और हजारों विद्यार्थियों में खुशी है. देश के विभिन्न हिस्सों से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं.
आपके शहर में
प्रमोद पाठक मॉडर्न मार्शल आर्ट्स कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया के मुख्य परीक्षक एवं प्रशिक्षक तथा इंडियन कराटे एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं. वह ब्लैक बेल्ट छठी डॉन की उपाधि प्राप्त प्रशिक्षक हैं. उन्होंने रसदा में जरूरतमंद बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मार्शल आर्ट्स एवं कराटे प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया है. यहां सेंसेई विकास पाठक ब्लैक बेल्ट पांचवीं डॉन और सुमित्रा पाठक ब्लैक बेल्ट तृतीय डॉन प्रशिक्षण देते हैं. सुमित्रा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पदक विजेता हैं.
दो ट्रकों को रोकने का विश्व रिकॉर्ड
प्रमोद पाठक के नाम मार्शल आर्ट के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज हैं. उन्होंने दो ट्रकों को विपरीत दिशाओं में चलते हुए अपनी बाजुओं से रोकने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है. इसके अलावा 23 सेकेंड में शरीर के संवेदनशील अंगों पर 25 हॉकी स्टिक तुड़वाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है. उनकी उपलब्धियां जीटीवी के 'शाबाश इंडिया' सहित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदर्शित हो चुकी हैं.
राष्ट्रीय स्तर पर 55 से अधिक पदक
प्रमोद पाठक ने राष्ट्रीय स्तर पर 55 से अधिक पदक हासिल किये हैं. उनके प्रशिक्षित खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर रहे हैं. उन्हें यूट्यूब की ओर से सिल्वर प्ले बटन भी मिल चुका है.
प्रमोद पाठक प्रतिदिन करीब पांच घंटे अभ्यास करते हैं. उनका कहना है कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत ही सफलता की कुंजी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए