मतदाता सूची से नाम हटाने के आवेदन पर कांग्रेस का सवाल, गोला में निष्पक्ष जांच की मांग
मौके पर मौजूद लोग | Prabhat Khabar Network
गोला के सोसोकला में फॉर्म सात के जरिए मतदाताओं के नाम हटाने के प्रयास पर कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गोला. रामगढ़ के गोला प्रखंड के सोसोकला में कुछ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 प्रस्तुत किये जाने के मामले में कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, गोला को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की. कांग्रेस नेताओं के अनुसार संबंधित फॉर्म-7 पर अभी तक बीएलओ के हस्ताक्षर नहीं हुए हैं.
कांग्रेस के रामगढ़ विधानसभा प्रभारी राजीव रंजन राजू ने कहा कि फॉर्म-7 में दर्ज विवरण, आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्ति की पहचान और जिन मतदाताओं के नाम हटाने का अनुरोध किया गया है, उनकी वास्तविक स्थिति का विधिवत सत्यापन जरूरी है. उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी विशेष समुदाय के मतदाताओं को लक्षित कर आवेदन दिये जाने की बात सामने आती है, तो निर्वाचन नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए.
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित मतदाताओं के नाम हटाने की कार्रवाई नहीं की जाये. साथ ही संबंधित मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें अपना पक्ष रखने और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर देने का भी अनुरोध किया गया.
राजीव रंजन राजू ने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता अथवा बीएलए-2 द्वारा नियमों के विपरीत सामूहिक रूप से फॉर्म-7 भरवाने या किसी समुदाय विशेष को लक्षित करने की बात जांच में सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगाना उद्देश्य नहीं है, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना उद्देश्य है.
गौरतलब है कि इससे पहले सोसोकला गांव की बीएलओ के पास एक राजनीतिक दल से संबंधित बीएलए-2 द्वारा भरा हुआ फॉर्म-7 हस्ताक्षर के लिए प्रस्तुत किये जाने की बात सामने आयी थी. बीएलओ ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था. इसके बाद ग्रामीणों ने मामले पर आपत्ति जताते हुए जांच की मांग की थी.
निर्वाचन आयोग के अनुसार फॉर्म-7 मतदाता सूची में किसी नाम को हटाने या नाम शामिल किये जाने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नाम हटाने के अनुरोध के लिए संबंधित कारण और उसके समर्थन में प्रमाण की जिम्मेदारी आवेदक की होती है.
मौके पर संतोष कुमार, अमित कुमार महतो, लखेश्वर कुमार, गुलाम मुस्तफा, एमडी जमाल मुस्तफा, अली इमाम, हसन इमाम, मुख्तार अंसारी, सुनील राज चक्रवर्ती, तस्लीम अहमद, उल्फत अंसारी, ऐनुल होदा, अहिया अंसारी, कबीर अंसारी, आतिफ अंसारी, लाल बाबू और महताब अंसारी सहित अन्य मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए