मोबाइल छोड़ो, मैदान से नाता जोड़ो! चैनपुर में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया खेलों का संदेश
नुक्कड़ नाटक में शामिल बच्चे व शिक्षक | Prabhat Khabar Network
टाटा डीएवी स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को खेलों के प्रति जागरूक किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
चैनपुर: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल भुइयांडीह में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी. विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष, खेल उपलब्धियों और राष्ट्र के लिए उनके योगदान को याद किया.
आपके शहर में
इस अवसर पर विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और उनमें खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से मेजर ध्यानचंद एवं खेल जगत से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और खेल से जुड़े सवालों के जवाब दिये.
नुक्कड़ नाटक से दिया खेलों से जुड़ने का संदेश
विशेष प्रार्थना सभा के बाद विद्यार्थियों ने स्थानीय क्षेत्र बड़गांव के मुख्य चौराहे पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. इसके माध्यम से लोगों को नियमित रूप से खेलों से जुड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया.
विद्यार्थियों ने अभिनय और संवाद के माध्यम से बताया कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं. खेल शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्फूर्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने खास तौर पर युवाओं को मोबाइल और अन्य निष्क्रिय गतिविधियों में अधिक समय बिताने के बजाय खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया. बच्चों के प्रभावशाली अभिनय और संदेश ने चौराहे पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया. लोगों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की.
यह भी पढ़ें: ईद मिलादुन्नबी पर मांडू में उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम, जलसा-ए-मुबारक में दिया भाईचारे का संदेश
खेल सर्वांगीण विकास का माध्यम : प्राचार्या
विद्यालय की प्राचार्या डॉ सोनिया तिवारी ने विद्यार्थियों के इस सार्थक प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया.
यह भी पढ़ें: भदानीनगर में रोजगार को लेकर JMM का बड़ा फैसला, लोकल सेल की मांग नहीं मानी तो आंदोलन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए