भुरकुंडा कोयलांचल में स्वच्छता व्यवस्था ध्वस्त, गंदगी के बीच डायरिया-मलेरिया का बढ़ा खतरा

Updated:
विज्ञापन

भुरकुंडा में गंदगी का अंबार | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भुरकुंडा और बरका-सयाल कोयलांचल में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. नालियों के जाम होने और कचरे के अंबार से लोग बीमारियों के साये में जीने को मजबूर हैं.

विज्ञापन

भुरकुंडा (रामगढ़). सीसीएल बरका-सयाल कोयलांचल क्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा, सौंदा डी, जवाहरनगर, पटेलनगर, रिवर साइड, सीसीएल सौंदा और सेंट्रल सौंदा कॉलोनियों में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. हर गली-मोहल्ले में कूड़े का अंबार लगा है और जल निकासी की व्यवस्था जर्जर बनी हुई है.

विज्ञापन

ग्रामीणों ने बताया कि सफाई के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति की जा रही है. महीनों से नालियों की उड़ाही नहीं होने से जलमार्ग जाम हो गये हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. कचरे का उठाव नहीं होने से बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है.

डायरिया और मलेरिया का बढ़ा खतरा

गंदगी और जलजमाव के कारण डायरिया और मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है. दुकानदारों और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक दुकानदार, रमेश कुमार, ने बताया, "सड़क पर कचरा और गंदा पानी होने से ग्राहकों को दुकान तक आने में बहुत दिक्कत होती है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है."

लोगों का आरोप है कि सीसीएल प्रबंधन और पंचायत एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोप रहे हैं. न तो पंचायत सफाई करा रही है और न ही सीसीएल का सिविल विभाग इस समस्या पर ध्यान दे रहा है.

ये भी पढ़ें: पलामू टाइगर रिजर्व के कोर एरिया से हटेगी रेलवे लाइन, बेतला में बनेगी हाईटेक सुरंग; वन्यजीवों को मिलेगी सुरक्षित राह

विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग

ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और सीसीएल बरका-सयाल के महाप्रबंधक से कोयलांचल की बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है. साथ ही जलमार्गों की सफाई और कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने की मांग की गयी है.

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी तो आंदोलन किया जायेगा.

फंड के अभाव में पंचायत की सफाई व्यवस्था ठप

रिवर साइड जीप हाउस पंचायत के मुखिया विकास पांडेय ने कहा कि "पंचायत में फंड नहीं मिलने के कारण सफाई कार्य नहीं हो पा रहा है." उन्होंने कहा कि सरकार से समय पर राशि नहीं मिल रही है और सीसीएल प्रबंधन भी हाथ पर हाथ धरे बैठा है.

उन्होंने कहा कि सीसीएल की कॉलोनियों की जलमार्ग जाम हैं, गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और कचरा सड़ रहा है.

सीसीएल कार्यालय के घेराव की चेतावनी

संतोष कुमार ने कहा कि "सीसीएल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है." उन्होंने कहा कि दोनों की खींचतान में आम जनता बीमारियों के बीच रहने को मजबूर है.

लोगों का कहना है कि लगातार उपेक्षा और बीमारियों के बढ़ते खतरे के बावजूद जब सीसीएल प्रबंधन और पंचायत मिलकर समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं, तो अपनी हताशा और गुस्से को जाहिर करने के लिए लोगों के पास सीसीएल कार्यालय का घेराव करने जैसे कठोर कदम उठाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचेगा. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी तो सीसीएल कार्यालय का घेराव किया जायेगा.

ये भी पढ़ें: बेतला से रामेश्वरम-कन्याकुमारी और तिरूपति के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था, विधायक ने किया सम्मानित

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola