शत-प्रतिशत जीरो एरर के तहत करें कार्य,लापरवाही बर्दाश्त नही

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 12 Jun 2026 10:01 PM

विज्ञापन

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक में डीसी ने कहा

विज्ञापन

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक में डीसी ने कहा प्रतिनिधि, मेदिनीनगर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति नगर भवन में समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने की. इस बैठक में अब तक की तैयारियों की विधानसभावार समीक्षा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. डीसी ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरे किये जायें. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कार्यक्रम को जीरो एरर नीति के तहत संचालित करना है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न हो और कोई अयोग्य व्यक्ति सूची में शामिल न हो सके. उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया

बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतनता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार बताया गया. डीसी ने अधिकारियों और कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रशासन का संवैधानिक दायित्व है कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाए रखा जाये. भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 20 जून से पलामू जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू होगा. इस दौरान मतदाताओं का मिलान, डेटा प्रविष्टियों का सत्यापन और विलोपन, प्रपत्रों का संग्रहण और निष्पादन, मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन तथा एएसडी सूची तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किये जायेंगे.

समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक पदाधिकारी, सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित रहे. सदर एसडीओ सुलोचना मीना सहित विश्रामपुर, पांकी, हुसैनाबाद और छतरपुर के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों पर चर्चा की. सभी को निर्देश दिया गया कि वे गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी तरह से त्रुटिरहित और पारदर्शी हो सके.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola