हुसैनाबाद में बेखौफ वाहन चोर, 10 दिन में 3 बाइक और ट्रैक्टर पर हाथ साफ; पुलिस के सामने चुनौती
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह सक्रिय, 12 दिनों में तीन बाइक और एक ट्रैक्टर चोरी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है.
हुसैनाबाद (पलामू): हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. पिछले दस दिनों के दौरान चोरों ने तीन बाइक और एक ट्रैक्टर चोरी कर लिया है. लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. चोरी गई तीन बाइकों में एक बाइक हैदरनगर थाना क्षेत्र के हैदरनगर रेलवे क्रॉसिंग के समीप लावारिस हालत में बरामद की गई थी. हैदरनगर पुलिस ने बाइक को बरामद कर हुसैनाबाद थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया था.
घर के बाहर खड़ी बाइक ले गए चोर
पहली घटना तीन सितंबर की रात की है. जपला स्टेशन रोड निवासी मनीष यादव के घर के बाहर उनकी एचएफ डीलक्स बाइक खड़ी थी. सुबह उठने पर बाइक गायब मिली. उन्होंने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद चार सितंबर को मनीष यादव ने हुसैनाबाद थाना में लिखित शिकायत दी. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की. इसी दौरान हैदरनगर पुलिस ने हुसैनाबाद पुलिस को सूचना दी कि हैदरनगर रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक एचएफ डीलक्स बाइक लावारिस हालत में बरामद की गई है.
मॉल के बाहर से कर्मचारी की बाइक चोरी
दूसरी घटना छह सितंबर की है. हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के झरहा गांव निवासी पवन कुमार बी बाजार मॉल में कर्मचारी हैं. उन्होंने प्रतिदिन की तरह अपनी बाइक मॉल के बाहर खड़ी की थी. दोपहर करीब दो बजे लंच के लिए जब वह मॉल से बाहर निकले, तो बाइक मौके से गायब थी. इसके बाद उन्होंने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक चोरी की घटना कैद हो गई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मॉल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- चोरी की दो बाइक बरामद, एक के मालिक ने वर्ष 2019 में दर्ज कराई थी प्राथमिकी
कार्यालय के बाहर से डिलीवरी बॉय की बाइक गायब
तीसरी घटना नौ सितंबर की है. जपला चौबे निवासी विकास कुमार चौधरी एक्सप्रेसबीच कार्यालय में डिलीवरी बॉय का काम करते हैं. उन्होंने अपनी स्पलेंडर बाइक नंबर JH 03-8470 हरिहर चौक स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी की थी और काम करने चले गए. कुछ देर बाद जब वह बाहर निकले, तो बाइक वहां नहीं थी. आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला.
घर के बाहर से ट्रैक्टर भी ले गये चोर
वाहन चोरी की चौथी घटना 12 सितंबर की रात हुई. हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के गमहर बिगहा गांव निवासी योगेंद्र सिंह ने अपना ट्रैक्टर नंबर BRGB 9787 रोज की तरह घर के बाहर खड़ा किया था. रात करीब 10.30 बजे खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए. 13 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे योगेंद्र सिंह सोकर उठे और घर से बाहर निकले, तो ट्रैक्टर गायब था. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला.
योगेंद्र सिंह ने थाना में दिए लिखित आवेदन में बताया है कि उन्होंने उक्त ट्रैक्टर अप्रैल 2026 में नबीनगर थाना क्षेत्र के बेलासपुर गांव निवासी शुभम कुमार सिंह से खरीदा था. हालांकि, ट्रैक्टर का अब तक उनके नाम पर हस्तांतरण नहीं हुआ है.
ये भी पढ़ें- हाथियों के इलाज और रेस्क्यू के लिए Bokaro में बनेगा विशेष केंद्र, इन जिलों में भी तैयारी
चोर गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस मामले के उद्भेदन और वाहन चोर गिरोह का पता लगाने में जुटी है. पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही वाहन चोर गिरोह पुलिस की गिरफ्त में होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए