Palamu News: बटाने नदी में गिरा खाद लदा ट्रैक्टर, दो युवक गंभीर; 108 एंबुलेंस नहीं मिलने पर निजी वाहन से भेजे गये मेदिनीनगर
सीएचसी में इलाजरत हादसे में घायल प्रमोद यादव व सत्येंद्र यादव. | Prabhat Khabar Network
पलामू के हरिहरगंज में बटाने नदी में खाद लदा ट्रैक्टर पलटने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया, स्थिति गंभीर है।
हरिहरगंज,पलामू : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के रजवार-बिजवार गांव के समीप सोमवार को खाद लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बटाने नदी की तेज धार में जा गिरा. हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान खड़गपुर पंचायत के पारपहार गांव निवासी नरेश यादव के पुत्र प्रमोद यादव (40) और स्वर्गीय बिहारी यादव के पुत्र सत्येंद्र यादव उर्फ पप्पू (30) के रूप में हुई है.
आपके शहर में
जानकारी के अनुसार प्रमोद यादव ट्रैक्टर चला रहे थे, जबकि सत्येंद्र उनके बगल में बैठे थे. दोनों कौआखोह स्थित खाद दुकान से करीब आठ बोरा खाद ट्रैक्टर पर लादकर अपने गांव लौट रहे थे. रजवार-बिजवार के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब तीन बार पलटते हुए नदी की बीच धारा में जा गिरा. हादसे के बाद दोनों युवक नदी में फंस गये.
ग्रामीणों ने नदी से निकालकर पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद निजी स्कॉर्पियो से दोनों को हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया.
108 एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप
घायलों को मेदिनीनगर ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल परिसर में 108 एंबुलेंस खड़ी थी, लेकिन बार-बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने निजी स्कॉर्पियो की व्यवस्था कर दोनों घायलों को मेदिनीनगर पहुंचाया.
सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन ने कहा कि सीएचसी में घायलों के इलाज में कोई परेशानी नहीं हुई. समस्या 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर रही. उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कराने और आपात स्थिति में तत्काल एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए