Palamu News: लगातार बारिश से मेदिनीनगर जलमग्न, कोयल नदी उफान पर; कई इलाकों में दो फीट तक पानी

Updated:
विज्ञापन

पुलिस लाइन रोड में शिव मंदिर के पास जल जमाव | Prabhat Khabar Network

मेदिनीनगर में भारी बारिश के कारण जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई मोहल्लों के घरों में गंदा पानी घुसने से लोग परेशान हैं। नगर निगम की पोल खुली।

विज्ञापन

मेदिनीनगर : रविवार रात और सोमवार को हुई लगातार बारिश से पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के निचले इलाकों में पानी घुसने की आशंका बढ़ गयी है. पहाड़ी मोहल्ला के राहत नगर, पंचवटी नगर और बैंक कॉलोनी के निचले हिस्सों में नदी का पानी फैल गया. पंचवटी में नदी किनारे की सड़क भी पानी में डूब गयी. जिला प्रशासन मौसम और बारिश की स्थिति पर नजर रख रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार बारिश ने नगर निगम की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी. शहर के कई इलाकों में नाला-नालियों की समुचित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी गंदगी के साथ सड़कों पर बहता रहा. कई मोहल्लों में नालों का पानी घरों तक पहुंच गया. नगर निगम कार्यालय परिसर भी जलमग्न हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर सौंदर्यीकरण के बावजूद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यहां बारिश में पानी जमा हो जाता है.

छह मुहान, दो नंबर टाउन अंडरपास, एसओ पेट्रोल पंप, निगम वाहन यार्ड, सरकारी बस डिपो, गायत्री मंदिर रोड, गम्हेल रोड, पुलिस लाइन रोड, राजनगर, पटेलनगर, बीस फूटा पुल, बैरिया चौक और रांची रोड रेडमा समेत कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति रही.

पुलिस लाइन रोड पर दो फीट तक पानी

पुलिस लाइन रोड में शिव मंदिर से तिवारी पेट्रोल पंप तक करीब दो फीट पानी जमा रहा. इससे यातायात प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों के अनुसार शिव मंदिर के पास बड़े नाला चैंबर में अक्सर कूड़ा जमा रहता है. वहीं अधिवक्ता सतीशचंद्र महतो के घर से कार वाशिंग सेंटर तक नाले पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि शांतिपुरी, आबादगंज, जेलहाता और एसडीओ आवास रोड का पानी इसी नाले से होकर गुजरता है. नाला संकरा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती और हर साल बारिश में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है. लोगों ने यहां नये नाले के निर्माण की मांग की है.

एसओ पेट्रोल पंप के पास तेज बहाव

रेलवे स्टेशन रोड स्थित एसओ पेट्रोल पंप और गोविंद भवन के पास सड़क पर जलजमाव के साथ पानी का तेज बहाव रहा. राहगीरों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर सड़क पार करनी पड़ी. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी हुई.

स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे लाइन के किनारे जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. रेडमा और आबादगंज का पानी रेलवे लाइन पार कर जयनारायण पाठक के आवासीय परिसर की ओर से बहता है. निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी गोविंद भवन के पास सड़क पर फैल गया. इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola