पलामू : आहर में नहाने के दौरान डूबे सगे भाई-बहन, दोनों की मौत

Updated:
विज्ञापन

आहर में नहाने के दौरान डूबे सगे भाई-बहन, दोनों की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

पलामू के छतरपुर में आहर में नहाने गए सगे भाई-बहन की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मुनकेरी गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

निखिल सिन्हा की रिपोर्ट पलामू. जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मुनकेरी गांव के परवाटांड़ में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे आहर में नहाने के दौरान डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान मुनकेरी गांव निवासी रहमत अली की पुत्री सना परवीन (10) और पुत्र अवैस रजा (9) के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गये दोनों

जानकारी के अनुसार, रहमत अली सोमवार की सुबह परवाटांड़ स्थित अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान दोनों बच्चे आहर में नहाने के लिए चले गये. इस क्रम में अचानक दोनों का पैर फिसल गया और वे आहर के गहरे पानी में चले गये. आसपास मौजूद लोगों को जब बच्चों के डूबने की जानकारी मिली, तो उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण आहर में उतर गये और दोनों बच्चों की तलाश शुरू की.

काफी मशक्कत के बाद निकाला गया शव

काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृतकों के पिता रहमत अली ने बताया कि वह खेत में काम कर रहे थे. बच्चों के आहर में नहाने के लिए जाने की उन्हें जानकारी नहीं थी. ग्रामीणों के शोर-शराबे के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों बच्चों के शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी.

ये भी पढ़ें: पलामू : बटाने नदी में तीन युवक डूबे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

चिकित्सक ने किया मृत घोषित

आनन-फानन में परिजन दोनों बच्चों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जानकारी ली. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. एक साथ दो मासूम भाई-बहन की मौत से मुनकेरी गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola