पलामू : बटाने नदी में तीन युवक डूबे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

Updated:
विज्ञापन

बटाने नदी पर जुटी ग्रामीणों की भीड़. | Prabhat Khabar Network

पलामू की बटाने नदी में नहाने गए युवक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी। औरंगाबाद से पिकनिक मनाने आए थे युवक, हादसे से इलाके में शोक।

विज्ञापन

हरिहरगंज(पलामू). पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा गांव स्थित बेलघटी के समीप बटाने नदी में नहाने के दौरान शनिवार को डूबे तीन युवकों में से एक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया. मृतक की पहचान बिहार के बोधगया थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता के करीब 23 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है. रितिक औरंगाबाद में रहकर व्यापार करता था. वहीं, हादसे में डूबे दूसरे युवक राजू चन्द्रवंशी की तलाश अब भी जारी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

घटना के बाद से पुलिस और स्थानीय ग्रामीण नदी में लगातार खोज अभियान चला रहे हैं. नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

औरंगाबाद से पिकनिक मनाने पहुंचे थे युवक

जानकारी के अनुसार, शनिवार को औरंगाबाद से युवकों की एक टोली पिकनिक मनाने और समय बिताने के लिए हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा गांव स्थित बेलघटी के समीप बटाने नदी पहुंची थी. इसी दौरान तीन युवक नहाने के लिए नदी में उतर गए. नहाते-नहाते तीनों युवक धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे. अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद अन्य युवकों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

ग्रामीणों ने एक युवक को बचाया

युवकों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राजेंद्र साव नामक युवक को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद उसे तत्काल हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. सीएचसी में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. वहीं, नदी में डूबे रितिक कुमार और राजू चन्द्रवंशी की तलाश शुरू कर दी गई.

रविवार सुबह मिला रितिक का शव

शनिवार देर शाम तक नदी में दोनों युवकों की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली. रविवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद रितिक कुमार का शव नदी से बरामद कर लिया गया. शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. पहचान की पुष्टि के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई.

ये भी पढ़ें: गढ़वा में पत्नी और प्रेमी की साजिश ने उड़ाए होश : दो जंगल, दो हत्याएं और एक जैसी कहानी

राजू चन्द्रवंशी की तलाश जारी

रितिक कुमार का शव बरामद होने के बाद भी हादसे में डूबे दूसरे युवक राजू चन्द्रवंशी का कोई सुराग नहीं मिल सका है. पुलिस और ग्रामीण नदी के संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं. पानी की गहराई और बहाव के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है. घटना की जानकारी मिलते ही रितिक के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, राजू चन्द्रवंशी के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और उसकी तलाश का इंतजार कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ‘ओछी राजनीति कर रहे हैं मुमताज’, विधायक शशिभूषण मेहता ने मुमताज अहमद के बयान पर किया पलटवार

हादसे के बाद नदी किनारे जुटी भीड़

बटाने नदी में हुए हादसे के बाद आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. रविवार सुबह शव बरामद होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. लोगों ने नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की.

बटाने नदी में बरामद युवक का शव और घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़.   | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर जुटी ग्रामीण | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola