पलामू के छह विद्यार्थी राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित
मेदिनीनगर ग्रीन वैली स्कूल की छात्रा को प्रमाण पत्र देते अतिथिगण
पलामू के छह विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय 53वीं बाल विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी जगह बनाई है. यह उपलब्धि जिले में विज्ञान और नवाचार के बढ़ते माहौल का प्रमाण है.
मेदिनीनगर से राकेश पाठक की रिपोर्ट
आपके शहर में
मेदिनीनगर. पलामू के छह विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है. जिले के विद्यार्थियों ने सात में से तीन उपविषयों में स्थान हासिल कर पलामू का नाम रोशन किया. ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल की छात्राएं जोली रानी और सृष्टि कुमारी ने ‘सतत कृषि’ विषय में प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं अपग्रेड प्लस टू हाई स्कूल रामगढ़ के अल्तमश राजा और फैजान राजा ने ‘रीक्रिएशनल मैथमेटिकल मॉडलिंग’ में प्रथम स्थान हासिल किया.
सद् गुरू हरी प्रताप प्लस टू उच्च विद्यालय चैनपुर के अजय कुमार और विक्की ठाकुर ने ‘ग्रीन एनर्जी’ विषय में तृतीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए जगह बनाया है. रांची के जिला स्कूल में आयोजित 53वीं बाल विज्ञान प्रदर्शनी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन किया गया है. पलामू सहायक जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता 20 जुलाई को आयोजित हुई थी, जिसमें 83 प्रदर्श शामिल हुए थे. इनमें से कुल 11 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छह विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन होना पलामू के लिए बड़ी उपलब्धि है.
चयनित विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपने मॉडल और प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी पलामू के चार विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए थे.
लगातार तीन वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर पलामू के बच्चों ने उपस्थिति दर्ज करायी
पलामू लगातार तीन वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रहा है. बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन एनसीईआरटी, नई दिल्ली एवं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, रांची के संयुक्त तत्वावधान में किया जाता है. इसमें कक्षा छह से 12वीं तक के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेते हैं। प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से शुरू होकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित की जाती है.
पलामू के जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देतेकहा कि यह उपलब्धि जिले में विज्ञान, गणित और नवाचार के बढ़ते माहौल का परिणाम है. उन्होंने बताया कि जिले में इंस्पायर अवार्ड, मैथ साइंस क्लब सहित कई गतिविधियां और कार्यशालाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों में विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए