Palamu News: सतबरवा के मेला टांड़ में गंदगी का अंबार, जलजमाव और दुर्गंध से दुकानदार-राहगीर परेशान

Updated:
विज्ञापन

सतबरवा मेलाटांड फैला गंदगी का अंबार। | Prabhat Khabar Network

सतबरवा मेलाटांड़ में कचरे के ढेर से स्थानीय लोग परेशान हैं। गंदगी और जलजमाव के कारण मौसमी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन से सफाई की मांग की गई है।

विज्ञापन

सतबरवा, पलामू : सतबरवा बाजार का प्रमुख इलाका मेला टांड़ इन दिनों गंदगी की चपेट में है. जगह-जगह कूड़े-कचरे का ढेर लगा रहने से पूरा इलाका बदहाल नजर आ रहा है. गंदगी और दुर्गंध के कारण दुकानदारों, राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के मौसम में कचरे के साथ गंदा पानी जमा होने से मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

क्रांति चौक से पुराने थाना तक सड़क की स्थिति विशेष रूप से खराब है. रांची-मेदिनीनगर मुख्य सड़क के किनारे पानी जमा होने के साथ कई जगह कचरा फैला है. इससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है. कई स्थानों पर कचरे के कारण सड़क किनारे का हिस्सा भी अवरुद्ध हो गया है. धार्मिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.

ग्रामीण दिनेश कुमार, विकास कुमार, विनोद प्रसाद, सरिता देवी समेत अन्य लोगों ने कहा कि मेला टांड़ बाजार का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय दुकानदारों द्वारा कचरा फैलाया जाता है. बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है. समय पर कचरे का उठाव नहीं होने से समस्या गंभीर हो सकती है.

कचरे के कारण बढ़ रहा मच्छरों का प्रकोप

ग्रामीणों के अनुसार, कचरे और गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. बारिश के बाद कचरे के आसपास पानी जमा रहने से स्थिति और खराब हो जाती है. लोगों को आशंका है कि लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने पर मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

ग्रामीणों ने तत्काल सफाई की मांग की

स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और दुकानदारों ने प्रशासन से मेला टांड़ में फैले कचरे की तत्काल सफाई कराने की मांग की है. साथ ही सड़क किनारे कचरा फेंकने पर रोक लगाने के लिए उचित व्यवस्था करने की अपील की है. लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने से बाजार की स्थिति सुधरेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola