मेदिनीनगर: सिंचाई-बिजली को लेकर किसान महासभा का प्रदर्शन, सोनरे-चाको नहर के लिए 80 करोड़ का DPR फिर भी काम नहीं शुरू
विरोध प्रदर्शन करते लोग. | Prabhat Khabar Network
पलामू में अखिल भारतीय किसान महासभा ने आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. बीएन सिंह ने शासन-प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया.
राकेश कुमार पाठक की रिपोर्ट
मेदिनीनगर. पलामू में सिंचाई, बिजली, जमीन और रोजगार समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा ने आंदोलन तेज कर दिया है. गुरुवार को महासभा के बैनर तले आठ सूत्री मांगों को लेकर समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया. इससे पहले आंबेडकर पार्क से रैली निकाली गयी. जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे महिला-पुरुषों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. प्रदर्शन के बाद महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की.
सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
महासभा के अध्यक्ष बीएन सिंह ने कहा कि जनता कई समस्याओं से जूझ रही है, जबकि शासन-प्रशासन में बैठे लोग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. किसानों के लिए खेती के दौरान सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. कई जगह नहरों के कैनाल के पक्कीकरण की जरूरत है, लेकिन सरकार इस दिशा में उदासीन है.
रोजगार के अभाव में पलायन
उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में गरीब और मजदूरों को पलायन करना पड़ रहा है. कृषि व्यवस्था मजबूत होने से किसानों और खेतिहर मजदूरों की स्थिति में सुधार हो सकता है. किसान नेता केडी सिंह ने किसानों की समस्याओं के समाधान के साथ खेतों तक सिंचाई और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
ये भी पढ़ें: पलामू : ओमप्रकाश हत्याकांड के विरोध में हंगामा पड़ा महंगा; 100 लोगों पर केस, पुलिस करेगी गिरफ्तारी
सोनरे-चाको नहर का पक्कीकरण
कविता सिंह ने कहा कि सोनरे-चाको नहर पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. इसके पक्कीकरण के लिए 40-40 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है. उन्होंने पीरी, जमुने और जिंजोई नहरों के भी जीर्णोद्धार और पक्कीकरण की मांग की.
किसानों को मुफ्त बिजली
कमेश सिंह चेरो, नर्वदेश्वर सिंह, प्रदीप विश्वकर्मा और रामराज पासवान ने किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने की मांग की. इसके अलावा गोईंदी, कामत और मनातू के जंगल में वर्षों से खेती कर रहे भूमिहीनों को जमीन का पट्टा देने की मांग की गयी. अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग महासभा ने उठायी. मौके पर पवन विश्वकर्मा, समूख यादव, महाराज पासवान, लालमोहन प्रजापति, हलधारी महतो समेत काफी संख्या में किसान और मजदूर मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए