सुदिव्य सोनू के निधन पर पलामू टाइगर रिजर्व में शोकसभा
पलामू टाइगर रिजर्व में शोक सभा
झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पीटीआर के अधिकारियों ने शोकसभा आयोजित कर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बेतला, लातेहार : झारखंड के पर्यटन, कला, संस्कृति एवं खेल मामलों के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन की खबर से पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गयी. पीटीआर में शोकसभा आयोजित कर अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी. हाल ही में पर्यटन मंत्री पीटीआर के दौरे पर आये थे. उस दौरान अधिकारियों ने उन्हें रिजर्व की बुनियादी समस्याओं, वन्यजीवों की सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरतों से अवगत कराया था. मंत्री ने इन मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया था.
आपके शहर में
पीटीआर के लिए अपूरणीय क्षति : फील्ड डायरेक्टर
चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट सह फील्ड डायरेक्टर एस. आर. नटेश ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री का इस तरह अचानक चले जाना पलामू टाइगर रिजर्व और झारखंड के पूरे पर्यावरण व पर्यटन जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने जिस विजन के साथ इस पिछड़े और दूरदराज के इलाके के समग्र विकास का सपना देखा था, वह उनके निधन से अधूरा रह गया है.
उन्होंने कहा कि अपने हालिया दौरे के दौरान मंत्री ने काफी कम समय में पीटीआर के भौगोलिक और प्रशासनिक ढांचे को समझा था. वे वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय आदिवासियों को रोजगार से जोड़ने वाले इको-टूरिज्म को नई दिशा देने के लिए बेहद गंभीर थे. उनके प्रशासनिक मार्गदर्शन की कमी हमेशा खलेगी. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का जाना झारखंड के जंगलों और वन्यजीवों के संरक्षण आंदोलन के लिए बड़ा झटका है.
पीटीआर को मिल रही थी नई उड़ान : डिप्टी डायरेक्टर
डिप्टी डायरेक्टर (उत्तरी प्रभाग) प्रजेश कांत जेना ने कहा कि पर्यटन मंत्री के निधन की दुखद खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. उनके मंत्री काल में पलामू टाइगर रिजर्व के विकास को नई गति और नई उड़ान मिल रही थी. विकास कार्यों या प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा के दौरान उनका दृष्टिकोण हमेशा सकारात्मक और सहयोगात्मक रहता था.
उन्होंने कहा कि मंत्री पीटीआर को अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रमुख इको-टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करना चाहते थे. उनके विजन को धरातल पर उतारना ही अब सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
उनकी सक्रियता हमेशा प्रेरणा देती रहेगी : कुमार आशीष
डिप्टी डायरेक्टर (दक्षिणी प्रभाग) कुमार आशीष ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पलामू टाइगर रिजर्व के विकास और यहां की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर उनकी सक्रियता हमेशा इस रिजर्व के जर्रे-जर्रे में महसूस की जायेगी.
उन्होंने कहा कि दौरे के समय जब पीटीआर की महत्वपूर्ण समस्याओं और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चुनौतियों से मंत्री को अवगत कराया गया था, तो उन्होंने इन्हें दूर करने का प्रयास किया था. उनकी यादें और काम करने का जज्बा हमेशा पीटीआर के अधिकारियों और ग्राउंड स्टाफ को प्रेरित करता रहेगा.
वन विभाग के कर्मचारियों ने भी जतायी संवेदना
वहीं, रेंजर उमेश कुमार दुबे सहित उपस्थित सभी वनपालों, ट्रैकर्स और कर्मचारियों ने भी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए