सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद पलामू में गम का माहौल
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 14 Jun 2026 9:20 PM
सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद पलामू में गम का माहौल
प्रतिनिधि: मेदिनीनगर
उत्तर प्रदेश के देवगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर को शोकाकुल कर दिया. इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी. शनिवार की देर रात सभी मृतकों के शव मेदिनीनगर पहुंचे, जिसके बाद रविवार सुबह जनाजे की नमाज़ अदा की गयी. हाफिज रजाक, एमडी कैस, सोहराब राईन और अरबाज को हमीदगंज मोहल्ला स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. वहीं असर की नमाज़ के बाद छोटी मस्जिद के पास जनाजे की नमाज़ हुई और अजमल आलम का अंतिम संस्कार किया गया.
बारात में शामिल होने गए थे
जानकारी के अनुसार, मृतक 11 जून को बिहार के डेहरी में आयोजित एक बारात में शामिल होने गए थे. शादी का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल किछौछा शरीफ दर्शन के लिए पहुंचे. वहां से लौटते समय उनकी कार हाइवे पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गयी. कुंड मोहल्ला निवासी अजमल आलम गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए बीएचयू में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली.मेदिनीनगर का माहौल ग़मगीन हो गया
इस घटना से मेदिनीनगर का माहौल ग़मगीन हो गया. हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग इस हादसे से मर्माहत हैं. रविवार सुबह छोटी मस्जिद के पास जनाजे की नमाज़ में अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के सदर मुस्तफा कमाल, मुमताज खान, मुहर्रम इंतजामियां कमेटी के सदर जीशान खान, पलामू जिला हज कमेटी के सदर मोहम्मद रजीउद्दीन सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने के लिए नगर निगम के डिप्टी मेयर मनोज सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह समेत कई सामाजिक और राजनीतिक संगठन के लोग भी पहुंचे. इस हादसे ने न केवल मृतकों के परिवारों बल्कि पूरे शहर को गहरे दुख में डाल दिया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










