पलामू में 32 साल पुराने भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई, दो पूर्व पंचायत सेवकों समेत 6 गिरफ्तार
एंटी करप्शन ब्यूरो रांची का ऑफिस. फाइल फोटो
पलामू में 32 साल पुराने गबन मामले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीडीओ समेत 22 आरोपियों में से 6 को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पलामू : जिले में करीब 32 साल पुराने भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार देर शाम एसीबी की टीम ने तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) समेत 22 आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. गिरफ्तार आरोपियों में दो सेवानिवृत्त पंचायत सेवक भी शामिल हैं.
आपके शहर में
अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी
एसीबी की टीम ने शुक्रवार को भी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी फरार मिले. टीम उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
जवाहर रोजगार योजना से जुड़ा है मामला
यह मामला वर्ष 1996-97 में संचालित जवाहर रोजगार योजना से जुड़ा है. छतरपुर और नौडीहा बाजार प्रखंड में कुआं निर्माण, नाला पर बांध निर्माण, खाद्यान्न मद और पीएमजेवाई के तहत सड़क निर्माण जैसी योजनाओं में सरकारी राशि के गबन का आरोप है.
बिना काम कराये ही कर ली थी निकासी
आरोप है कि संबंधित अधिकारियों, पंचायत सेवकों और संवेदकों की मिलीभगत से बिना काम कराये ही योजनाओं की राशि की निकासी कर ली गई. इसके अलावा योजनाओं के तहत उपलब्ध कराये गए खाद्यान्न की कालाबाजारी का भी आरोप लगाया गया है.
तत्कालीन BDO समेत 22 लोगों पर हुई थी प्राथमिकी
मुरुमदाग निवासी मोती यादव ने इस मामले में परिवाद दायर कर तत्कालीन BDO रामाशीष सिंह समेत 22 लोगों पर पद का दुरुपयोग करने और षड्यंत्र के जरिए वित्तीय अनियमितता करने का आरोप लगाया था. इसके बाद वर्ष 2003 में एसीबी ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद 8 दिसंबर 2003 को जांच प्रतिवेदन सौंपा गया.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बाद में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के 18 सितंबर 2015 के आदेश के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया. निगरानी विभाग की जांच में भी आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई.
74 वर्षीय आरोपी भी गिरफ्तार
लंबे समय से लंबित इस मामले में एसीबी ने अब कार्रवाई तेज कर दी है. गुरुवार देर शाम 74 वर्षीय सहदेव उरांव समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. जानकारी के अनुसार, छतरपुर से महेश प्रसाद गुप्ता और नौडीहा बाजार से रामचंद्र यादव उर्फ चरण यादव को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार किए गए अन्य चार आरोपियों के संवेदक होने की जानकारी सामने आई है.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसीबी की टीम मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. करीब 32 साल पुराने मामले में अचानक हुई कार्रवाई से आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है.
कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, गिरफ्तारी और कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि के लिए एसीबी अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए