Palamu: एक हफ्ते में भर दिए जाएंगे रेड़मा-चियांकी रोड के गड्ढे, सांसद वीडी राम ने सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की
समाहरणालय की बैठक में पलामू सांसद वीडी राम, डीसी और विभिन्न विभाग के पदाधिकारी.
पलामू सांसद वीडी राम ने समीक्षा बैठक में रेड़मा-चियांकी सड़क के गड्ढे एक सप्ताह में भरने का निर्देश दिया। सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
Palamu: पलामू सांसद वीडी राम की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिले की विभिन्न सड़क परियोजनाओं एवं निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में बरसात के कारण विभिन्न सड़कों पर उत्पन्न गड्ढों, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न क्षेत्रों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गयी. बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एनएचएआइ के परियोजना निदेशक, विभिन्न विभागों के अभियंता एवं संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी उपस्थित रहे.
बाईपास परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान सांसद श्री राम ने पोलपोल बाईपास, मेदिनीनगर बाईपास एवं छतरपुर बाईपास सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने पर जोर दिया.
रेड़मा से चियांकी तक सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे
सांसद वीडी राम ने रेड़मा से चियांकी तक सड़क पर बने विभिन्न गड्ढों को एक सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया. सांसद ने कहा कि सड़कों पर आम के साथ-साथ खास लोग भी चलते हैं, ऐसे में सड़कें दुरुस्त रहें, यह हम सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया.
भूमि अधिग्रहण और विस्थापन की समस्याओं पर चर्चा
बैठक में पड़वा री-एलाइनमेंट से संबंधित भूमि अधिग्रहण एवं विस्थापन की समस्या पर भी चर्चा हुई. बताया गया कि कुछ लाभुकों द्वारा भुगतान प्राप्त करने के बावजूद अब तक अपने घर खाली नहीं किए गए हैं. इस पर सांसद ने एनएचएआइ के प्रतिनिधियों को संबंधित लोगों से वार्ता कर आपसी समन्वय के माध्यम से समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया.
कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की हिदायत
इस अवसर पर उपायुक्त श्री शेखावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए. जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रशासनिक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने की बात कही गयी.
इसे भी पढ़ें: Palamu: हुसैनाबाद के ग्रामीणों को अब 45 नहीं 25 दिन में ही मिलेगा दूसरा सिलेंडर, पेट्रोलियम मंत्रालय का निर्देश जारी
बाधाओं को दूर करने के लिए आपसी समन्वय की अपील
उन्होंने आगे कहा कि सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण, वन स्वीकृति एवं अन्य प्रशासनिक स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे. विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: Palamu: हरिहरगंज के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए