सुनसान सड़क पर मां-बेटी से छेड़छाड़, ग्रामीणों ने एक युवक को दबोचा, दो फरार
घटनास्थल पर उपस्थित पुलिस | Prabhat Khabar Network
छतरपुर के शाही जंगल के पास मां-बेटी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, दो आरोपी फरार हैं।
छतरपुर, पलामू : छतरपुर थाना क्षेत्र में सुनसान सड़क पर मां-बेटी के साथ छेड़छाड़ किये जाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एक बाइक सवार युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गये.
आपके शहर में
पता पूछने के बहाने की छेड़छाड़
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी डाली गांव में आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं. इसी दौरान प्रखंड क्षेत्र के शाही जंगल के समीप सुनसान और जंगली इलाके में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनसे पता पूछने के बहाने कथित रूप से छेड़छाड़ शुरू कर दी.
इससे घबराकर दोनों मां-बेटी जोर-जोर से चिल्लाने लगीं. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को आता देख तीनों युवक भागने लगे. इसी दौरान ग्रामीणों ने एक बाइक सवार युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य युवक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गये.
एक युवक हिरासत में, दो की तलाश
पकड़े गये युवक की पहचान नावा बाजार थाना क्षेत्र के सोहदाग निवासी इम्तियाज अंसारी के रूप में हुई है. ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पुलिस फरार दोनों युवकों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन कर रही है. थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे युवकों का उद्देश्य क्या था और क्या इससे पहले भी इस तरह की कोई घटना हुई है.
उन्होंने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा फरार युवकों के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए