फर्जी IPS बनकर पुलिस पर रौब, दारोगा से बातचीत के बाद खुला राज; दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

फर्जी आइपीएस मामले में पिंटू और कुंदन गिरफ्तार

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

औरंगाबाद पुलिस ने एक बड़े फर्जी IPS गिरोह का भंडाफोड़ किया है. गिरोह के दो सदस्य, पिंटू और कुंदन को गिरफ्तार किया गया है. ये लोग खुद को IPS अधिकारी बताकर लोगों को ठगते थे.

विज्ञापन

Fake IPS Officer Case: खुद को प्रशिक्षु आइपीएस अधिकारी बताकर पुलिस को झांसे में लेने के मामले में औरंगाबाद पुलिस ने पिंटू कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया है. नगर थाना प्रभारी बबन बैठा ने बताया कि पिंटू गाड़ी चलाने का काम करता था, जबकि कुंदन कुमार फर्जी आइपीएस विकास कुमार के सहयोगी के रूप में उसके साथ रहता था. कुंदन ही विकास को लाने-ले जाने की व्यवस्था करता था.

विज्ञापन

कई जिलों में फर्जी आइपीएस के साथ जाता था कुंदन

पुलिस के अनुसार, फर्जी आइपीएस विकास कुमार स्कॉर्पियो (बीआर 01 पीजी 0877) से घूमता था. उसका मोबाइल नंबर 7320842329 बताया गया है. पूछताछ के दौरान कुंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह कई बार विकास कुमार को लेकर मेदिनीनगर से रोहतास और भभुआ गया था. इन जगहों पर फर्जी आइपीएस के नाम और प्रभाव का इस्तेमाल कर अच्छी आमदनी होने की बात भी सामने आयी है.

ये भी पढ़ें- PLFI उग्रवादियों से मुठभेड़ में साहस दिखाने वाले हवलदार अरविंद मिंज को मिला गैलेंट्री प्रमोशन

सब इंस्पेक्टर से बात होते ही खुल गया मामला

मालूम है कि पलामू के दो युवक गयाजी के विकास कुमार के प्रशिक्षु आइपीएस अधिकारी के सहयोगी के रूप में काम कर रहे थे. औरंगाबाद पुलिस को प्रभाव में लेकर सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर आरोपी युवकों ने छापेमारी के लिए पुलिस बल मांगा. इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ एनएच-139 पर वाहनों की जांच कराने लगा। पुलिसकर्मी उसके निर्देश पर कार्रवाई करते रहे. इसी दौरान उसकी पहचान होने पर वह पलामू के दो युवकों को सड़क किनारे उतारकर स्कॉर्पियो से फरार हो गया.

मामले में पुलिस ने कथित फर्जी आइपीएस के चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसके बाद मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी बरामद कर लिया है. इस मामले के मास्टरमाइंड मुख्य आरोपी विकास की गिरफ्तारी के लिए बिहार के औरंगाबाद पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

प्रशिक्षु आइपीएस बनकर मांगा पुलिस बल

जानकारी के अनुसार, कथित आरोपी ने थाने के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर खुद को प्रशिक्षु आइपीएस अधिकारी बताया और पुलिस बल की मांग की. उसके प्रभाव में आकर पुलिस की गश्ती टीम उसके साथ चल पड़ी. इसके बाद जसोइया मोड़ से पटना जाने वाली रोड में सीमेंट फैक्ट्री तक एनएच-139 पर वाहनों की जांच करायी गयी. इस दौरान सब्जी कारोबारी समेत कई लोगों से पूछताछ की गयी.

इसके बाद पुलिस टीम अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन की ओर गयी. वहां शहर की तरफ आ रहे एक टेंपो को रोककर तीन यात्रियों से पूछताछ की गयी. इनमें पलामू के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के आलोक कुमार और सुनील कुमार रवि को कथित आइपीएस अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर मदनपुर की ओर ले गया. तीसरे युवक अजय कुमार को छोड़ दिया गया.

दारोगा से बातचीत के बाद दोनों युवकों को छोड़ा

अजय ने दोनों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद उनके एक रिश्तेदार, जो झारखंड पुलिस में दारोगा हैं, ने कथित आइपीएस से मोबाइल पर बात की. दारोगा से बातचीत होते ही आरोपी को अपनी पोल खुलने का संदेह होने लगा. इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों को कामा बिगहा जीटी रोड के पास उतार दिया और स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नगर थाना के एक दारोगा को भी मोबाइल पर किसी से बातचीत करने से रोकने का प्रयास किया.

चेकपोस्ट पर पुलिस को देख स्कॉर्पियो छोड़ी

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी ने जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी स्कॉर्पियो से पलामू की ओर भाग रहा है. एरका चेकपोस्ट के पास पुलिस की चेकिंग देखकर आरोपी ने स्कॉर्पियो छोड़ दी और फरार हो गया। पुलिस ने मौके से चालक पिंटू कुमार को पकड़ लिया. बाद में कुंदन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

मेदिनीनगर के होटल का सीसीटीवी फुटेज मिला

जांच के दौरान पुलिस को मेदिनीनगर के होटल का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है. बताया गया कि कुंदन कुमार फर्जी आइपीएस विकास को लेकर होटल में ठहरा था. पुलिस अब इस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

पहले भी जेल जा चुका है विकास कुमार

पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आयी कि फर्जी आइपीएस बताने वाला विकास कुमार पूर्व में फर्जीवाड़े के एक मामले में जहानाबाद से जेल जा चुका है. पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस मामले में उसकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है.

स्कॉर्पियो के मालिक की भी जानकारी जुटा रही पुलिस

वाहन के पंजीकरण की जांच में स्कॉर्पियो के मालिक का नाम पटना के रामकृष्णानगर, जकरियापुर निवासी संजय कुमार मिश्रा बताया गया है. पंजीकरण में दर्ज मोबाइल नंबर पर पुलिस ने संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला.

पिंटू और कुंदन के ठिकानों की जानकारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पिंटू कुमार मेदिनीनगर के बाईपास रोड स्थित बिजली ऑफिस के पीछे बारालोटा का रहने वाला है. वहीं कुंदन कुमार पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार का निवासी है. वर्तमान में वह शाहपुर में दुर्गा मंदिर के सामने बाजार मोहल्ले में रहता है.

पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी आइपीएस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उसकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है.

यह भी पढ़ें : झारखंड चेंबर चुनाव: 65 प्रत्याशी मैदान में, 4214 मतदाता तय करेंगे 21 कार्यकारिणी सदस्य

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola