पलामू : कंडा PACS में 13.87 लाख का धान घोटाला, पत्नी और मां के खाते में मंगवाए पैसे, कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार कंप्यूटर ऑपरेटर व पुलिस के जवान | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पलामू के कंडा पैक्स में धान खरीद के नाम पर 13.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

नावाबाजार (पलामू): पलामू जिले के नावाबाजार प्रखंड स्थित कंडा पैक्स में धान खरीद के नाम पर करीब 13.87 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है. पुलिस अनुसंधान में पैक्स के कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता की भूमिका सामने आने के बाद नावाबाजार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

विज्ञापन

फर्जी भुगतान के लिए पत्नी और मां के बैंक खातों का इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार, कंप्यूटर ऑपरेटर ने कथित रूप से फर्जी आईडी तैयार कर करीब 500 क्विंटल धान की खरीद रिकॉर्ड में दिखायी और उसके आधार पर भुगतान कराया. जांच में यह भी सामने आया है कि कथित फर्जी भुगतान के लिए राहुल गुप्ता की पत्नी और मां के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया. पुलिस अब इन दोनों खातों में हुए लेनदेन की भी जांच कर रही है.

पैक्स में उपलब्ध स्टॉक की जांच

कंडा पैक्स के माध्यम से करीब छह हजार क्विंटल धान की खरीद दर्ज की गयी थी. इसमें पहले चरण में करीब चार हजार क्विंटल धान का भुगतान भी किया जा चुका था. बाद में किसानों ने बकाया राशि के भुगतान को लेकर पैक्स पर दबाव बनाना शुरू किया. इसके बाद धान खरीद के रिकॉर्ड और पैक्स में उपलब्ध स्टॉक की जांच की गयी.

500 क्विंटल धान फर्जी आईडी के माध्यम से खरीदा

जांच में रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर सामने आया. कागजात में करीब छह हजार क्विंटल धान की खरीद दर्ज थी, जबकि पैक्स में करीब 5,500 क्विंटल धान का ही हिसाब मिला. करीब 500 क्विंटल धान फर्जी आईडी के माध्यम से खरीदा हुआ दर्शाया गया, लेकिन संबंधित धान पैक्स के गोदाम तक पहुंचा ही नहीं. इसके बावजूद करीब 13.87 लाख रुपये का भुगतान किये जाने की बात सामने आयी है.

पैक्स अध्यक्ष ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी

अनियमितता सामने आने के बाद कंडा पैक्स अध्यक्ष प्रभुनारायण सिंह ने नावाबाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान फर्जी आईडी तैयार करने, भुगतान कराने और धान के स्टॉक में अंतर से जुड़े तथ्य सामने आये.

कंप्यूटर ऑपरेटर और उसके दोस्त की भूमिका

नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि अनुसंधान में कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता और उसके एक दोस्त की भूमिका सामने आयी है. पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है. राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. थाना प्रभारी के अनुसार, पैसों के लेनदेन के साथ मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस राहुल गुप्ता की पत्नी और मां के बैंक खातों में हुए लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola