JPSC-JSSC धांधली के विरोध में पलामू में BJP का हल्ला बोल, समाहरणालय गेट पर पुलिस से हाथापाई
जनाक्रोश रैली में शामिल भाजपा के लोग | Prabhat Khabar Network
पलामू में जेपीएससी-जेएसएससी धांधली के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस और नेताओं के बीच हुई हाथापाई. सांसद वीडी राम ने विशेषाधिकार हनन की चेतावनी दी.
पलामू. JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पलामू समाहरणालय के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन और भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई. इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
वाहन अंदर ले जाने को लेकर विवाद
घटना उस समय हुई, जब समाहरणालय के मुख्य गेट पर आयोजित सभा में पलामू सांसद वीडी राम संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ राजेश यादव मुख्य गेट के अंदर चले गए. इसके बाद पुलिस का एक जवान वाहन को मुख्य गेट के अंदर ले जाने का प्रयास करने लगा.
पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी और कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया. इसी दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई. मुख्य गेट पर अचानक हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थिति को देखते हुए सांसद वीडी राम को अपना संबोधन बीच में ही रोकना पड़ा.
पूर्व राज्यसभा सांसद भी पहुंचे
मामला बढ़ता देख पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश भी मौके पर पहुंचे. उनकी एसडीपीओ राजेश यादव के साथ तीखी नोकझोंक हुई. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद आखिरकार स्थिति शांत हुई और एसडीपीओ को अपना वाहन वापस लेकर वहां से जाना पड़ा.
ये भी पढ़ें: राह में रोड़ा बन रहा था जाति प्रमाण-पत्र, पलामू डीसी ने 10 मिनट में दिलाया समाधान
सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
सभा समाप्त होने के बाद भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पलामू डीसी से मिला और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. इस दौरान सांसद वीडी राम ने डीसी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
ये भी पढ़ें: पलामू : मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौके पर ही मौत
SDPO के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव
मीडिया से बातचीत में सांसद वीडी राम ने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन एसडीपीओ ने इसमें बाधा डालने का प्रयास किया. उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए एसडीपीओ राजेश यादव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव यानी प्रिविलेज मोशन लाने की बात कही.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए