पाकुड़ में विहिप स्थापना दिवस पर हुंकार, समाज से एकजुट होने का आह्वान
विहिप स्थापना दिवस कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता और पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ में विहिप स्थापना दिवस पर धर्मांतरण, गौ रक्षा व संस्कृति की रक्षा पर जोर. समाज से एकजुट होकर धर्म, परंपराओं की रक्षा का आह्वान.
संवाददाता, पाकुड़: पाकुड़ जिला मुख्यालय के शहरकोल स्थित विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में रविवार को विहिप का स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में परिषद के प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार ने हिंदू समाज से एकजुट होकर धर्म, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धर्मांतरण, गौ रक्षा, मठ-मंदिरों की सुरक्षा और संस्कृति की रक्षा जैसे कई विषय समाज के सामने चुनौती बने हुए हैं. कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस दौरान विहिप, आरएसएस, इस्कॉन सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
1964 में हुई थी विहिप की स्थापना
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनोज पोद्दार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ‘धर्मो रक्षति रक्षिता:’ के मूल मंत्र पर कार्य करती है. विश्व के हिंदुओं को एकजुट करने और संस्कृति की रक्षा के उद्देश्य से संघ के द्वितीय सरसंघचालक गुरुजी के मार्गदर्शन में मुंबई के सांदीपनि आश्रम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर वर्ष 1964 में विश्व हिंदू परिषद की स्थापना हुई थी.
उन्होंने कहा कि परिषद ने संत-महात्माओं के मार्गदर्शन में हिंदू समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए लगातार कार्य किया है. उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों ने बलिदान दिया. लंबे संघर्ष के बाद राम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण हुआ.
धर्मांतरण और संस्कृति की रक्षा पर जोर
मनोज पोद्दार ने कहा कि देश में धर्मांतरण के प्रयास और गौ हत्या जैसी घटनाएं चिंता का विषय हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिमी सभ्यता के बढ़ते प्रभाव के कारण नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से दूर हो रही है. ऐसे में समाज को जागरूक होकर धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आने की जरूरत है.
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से धर्म और आत्मरक्षा की प्रेरणा लेने की बात कही. साथ ही नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने पर जोर देते हुए कहा कि संस्कारवान युवा समाज और धर्म को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
उन्होंने मठ-मंदिरों की सुरक्षा के साथ सामाजिक कार्यों में भी हिंदू समाज की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया. ‘गौ, गंगा, गीत और तुलसी’ को हर घर तक पहुंचाने के लिए लोगों को प्रेरित करने तथा देसी गायों के संरक्षण और संवर्धन पर भी जोर दिया.
गांव-गांव में मनाया गया स्थापना दिवस
जिला मंत्री विशाल भगत ने बताया कि जन्माष्टमी यानी 4 सितंबर से 13 सितंबर तक जिले के विभिन्न गांवों में विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस मनाया गया. रविवार को जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के साथ स्थापना दिवस समारोह का समापन हुआ.
कार्यक्रम में प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार, इस्कॉन मंदिर के संत दामोदर दास जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुकेश जी, मृत्युंजय घोष, विहिप साहिबगंज विभाग के मंत्री अरविंद घोष, प्रांत सेवा विभाग टोली के अशोक वर्मा, श्याम यादव, पाकुड़ जिला मंत्री विशाल भगत, सेवा विभाग के विजय जायसवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए